रांची. झारखंड में पुलिस का कहना है कि सुरक्षाबलों के साथ हुई एक मुठभेड़ में एक सबज़ोनल कमांडर सहित कम से कम आठ नक्सलियों की मौत हो गई है। पुलिस का कहना है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या अधिक भी हो सकती है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कई आधुनिक हथियार भी बरामद किए हैं।
झारखंड पुलिस के महानिरीक्षक और प्रवक्ता आरके मलिक ने जानकारी दी है कि राजधानी राँची से कोई डेढ़ सौ किलोमीटर दूर गढ़वा ज़िले के मखातू के जंगलों में सोमवार को देर रात यह भुठभेड़ हुई।
उनका कहना है कि केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) और झारखंड पुलिस का दल गश्त पर था कि उन्हें नक्सलियों की एक टुकड़ी का पता मिला। सुरक्षाबलों ने इस टुकड़ी को घेरा तो उन्होंने गोलीबारी शुरु कर दी और पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की जिसमें आठ नक्सलियों की मौत हो गई।
पुलिस का दावा है कि मारे गए नक्सलियों में एक सब ज़ोनल कमांडर बसंतजी भी शामिल हैं।