औरंगाबाद. महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में पठान गेट के समीप सोमवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) द्वारा आयोजित रैली में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) व आरएसएस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें हो गई।
आरएसएस ने कुछ दिन पहले केरल के कन्नूर इलाके में आरएसएस कार्यकर्ताओं की मौत के विरोध में यह रैली आयोजित की थी।
रैली में आरएसएस कार्यकर्ता माकपा के विरोध में नारे लगा रहे थे और उसके झंडे जला रहे थे। जसे ही माकपा कार्यकर्ताओं को इस बारे में पता चला, उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया।
दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें हुई और कई लोग घायल हो गए।
पुलिस ने सोमवार की देर रात इस मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिभाऊ बागडे सहित 350 आरएसएस कार्यकर्ताओं और नौ माकपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। थोड़ी ही देर बाद गिरफ्तार लोगों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले केरल के कन्नूर जिले में आरएसएस और माकपा के बीच भारी हिंसा हुई थी। उस दौरान पांच आरएसएस कार्यकर्ता मारे गए थे।