HomeNewsNational National

दलाई लामा की प्रस्तावित जापान यात्रा से चीन खफा

टोक्यो/ बीजिंग: तिब्बतियों के धर्मगुरु दलाई लामा अगले हफ्ते की अपनी अमेरिका यात्रा पर जाते समय कुछ समय जापान में रुकेंगे। चीन इस बात से खासा नाराज है।

दलाई लामा के टोक्यो स्थित संपर्क कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘नोबेल शांति पुरस्कार विजेता दलाई लामा 10 अप्रैल की इस यात्रा के दौरान एक पत्रकार वार्ता को भी संबोधित कर सकते हैं। जापान की राजनीतिक हस्तियों से मिलने का उनका कोई इरादा नहीं है।’

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता जियांग यू ने कहा है कि हम उनके द्वारा किसी देश में जाकर अलगाववादी गतिविधियों में लिप्त होने का पुरजोर विरोध करते हैं। हम किसी देश के अधिकारी द्वारा दलाई को समर्थन या शरण देने का भी विरोध करते हैं।

जियांग ने दलाई के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया कि तिब्बत में हुई हाल की हिंसा में बीजिंग का हाथ हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि दलाई द्वारा फैलाई जा रही अफवाहें घटनाओं की सचाई नहीं बदल सकतीं।

चीन का नया आरोप: चीन के जन सुरक्षा ब्यूरो मंत्रालय के प्रवक्ता वू हेपिंग ने तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा के खिलाफ हमले में एक नया आयाम जोड़ते हुए आरोप लगाया है कि ‘तिब्बत स्वतंत्रता बल’ देश में आत्मघाती दस्तों से हिंसक हमले करने की योजना बना रहा है। इसका मकसद यहां होने वाले ओलिंपिक के आयोजन का फायदा उठाना है।

ब्रुसेल्स आने का न्योता: यूरोपीय संघ दलाई को बातचीत करने के लिए ब्रुसेल्स बुलाएगा। फ्रांसीसी विदेश मंत्री बर्नार्ड काउचनर ने यह जानकारी दी है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: