जयपुर.
मंगलवार आधी रात को अंधड़ व बारिश के कारण जयपुर में कई इलाकों में बिजली गुल रही। टोंक रोड, सांगानेर, प्रतापनगर, जवाहरनगर व मालवीय नगर में कुछ देर के लिए बिजली बंद रही। शाम के बाद शास्त्रीनगर व रात को विद्याधर नगर तथा चारदीवारी के कुछ इलाकों में बिजली बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सी स्कीम में बिजली गिरने की सूचना भी मिली।
प्रदेशभर में दूसरे दिन भी किसानों पर मौसम का कहर जारी रहा। टोंक, सवाईमाधोपुर, जयपुर, सीकर, राजसमंद, भरतपुर, चूरू में मंगलवार को भी अंधड़ का जोर रहा और बारिश हुई। बेमौसम की बरसात ने किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें ला दी हैं और वे फसल बचाने में जुट गए हैं।
शेखावाटी अंचल में मौसम ने सुबह अचानक रंग बदला। बरसात होने के बाद थोड़ी देर में काली घटाएं छा र्गई। दिनभर बारिश और धूप-छांव का दौर चला। अपराह्न् बाद बादलों ने सूरज को ढक दिया। देर शाम तक बादल रह-रहकर गरजते रहे। सीकर में सुबह तेज हवा के दौर के बाद शाम को धूलभरी आंधी चली।
झुंझुनूं में भी बेमौसम उमड़ी घटाएं छरई रहीं। किसान फसल को लेकर चिंतित थे। खेतों में कटी-कटाई सरसों की खÝी लगी हुई हैं। चना व जौ की कटाई चल रही है। गेहूं की फसल पकने के अंतिम चरण में है। किसान कटी हुई फसलों पर तिरपाल आदि लगाकर बचाव की कवायद कर रहे हैं। तेज हवाओं के कारण कई जगह फसल मिट्टी में मिल गई है।
राजसमंद में करीब आधे घंटे तेज बारिश हुई। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और शाम पांच बजे के आसपास बादल बरस पड़े। इसके बाद चली ठंडी हवा से वातावरण खुशनुमा हो गया।
उदयपुर में दिनभर तेज धूप रही। भरतपुर में आंधी और बूंदाबांदी से गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों में बेचैनी छा गई। आंधी के साथ यहां कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई।