इंदौर
देवांग और अंजलि विजेता बने
मध्यक्षेत्र शतरंज संघ के तत्वावधान में यहां खेली गई म.प्र. राज्य अंडर-9 शतरंज स्पर्धा में एमरल्ड हाइट्स स्कूल के देवांग बिसानी छह अंकों के साथ बालक और अंजलि मूर्ति पांच अंकों के साथ बालिका वर्ग में विजेता बने। बालक वर्ग में मुदित अग्रवाल दूसरे, विशिष्ट लालवानी तीसरे, नातिश टोंग्या चौथे, देव सेठ पांचवें, आयुष पटनायक छठे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में शुभि लखोरिया उपविजेता रहीं। जेजे पब्लिक स्कूल के प्राचार्य हरीश वाधवानी और संचालक एफ. अनिल ने बालक और बालिका वर्ग के विजेता-उपविजेता खिलाड़ियों को नकद राशि व ट्रॉफी से पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र पाबले ने किया और आभार राजेद्र चिमनानी ने माना। स्पर्धा में दोनों वर्गो में प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहे खिलाड़ी दिल्ली में खेली जाने वाली राष्ट्रीय अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप में म.प्र. टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अलंकरण के लिए आवेदन आमंत्रित
प्रदेश के सर्वोच्च खेल अलंकरण विक्रम, एकलव्य, विश्वामित्र और लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के लिए प्रदेश के खेल विभाग ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिला खेल अधिकारी राजेश शाक्य ने बताया कि अवॉर्ड के लिए निर्धारित मापदंड और योग्यता रखने वाले खिलाड़ी अपने आवेदन 15 मई तक जमा कर सकते हैं। नि:शुल्क आवेदन पत्र पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित खेल शाखा में संपर्क कर प्राप्त कर सकते हैं।
बास्केटबॉल शिविर आज से
नेशनल बास्केटबॉल अकादमी और कॉपरेरेशन एरिया बास्केटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में साठ दिवसीय ग्रीष्मकालीन बास्केटबॉल प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत 2 अप्रैल से बास्केटबॉल काम्प्लेक्स और नेहरू स्टेडियम में हो रही है। शिविर संयोजक सुनील हार्डिया ने बताया कि शिविर में 450 बालक-बालिकाएं शिरकत करेंगे। शिविर में एनआईएस कोच दक्षेश कांटेवाला, रामाराव नागले और एस.के. बालाजी बच्चों को प्रशिक्षण देंगे। शिविर में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 20 बालक-बालिकाओं का चयन किया जाएगा जो विभिन्न राज्यस्तरीय स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। शिविर में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक खिलाड़ी शिविर स्थलों पर संपर्क कर सकते हैं।
लकी वांडर्स को खिताब
भानगढ़ जनपद पंचायत में मदनलाल कुमावत की स्मृति में आयोजित कबड्डी स्पर्धा लकी वांडर्स ने इंदौर वांडर्स को 22-18 से हराकर जीत ली। सेमीफाइनल में इंदौर वांडर्स ने भानगढ़ ए को और लकी वांडर्स ने कैलोद हाला ए को हराकर खिताबी मुकाबले में स्थान बनाया। पुरस्कार वितरण भाजपा खेल प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष जसराज मेहता के मुख्य आतिथ्य में हुआ। अध्यक्षता घनश्याम चौधरी ने की। कमलाकांत शर्मा, बाबूलाल शर्मा, परमानंद राठौर विशेष अतिथि थे। संचालन मेहरबानसिंह ने किया तथा आभार गौतम शर्मा ने माना।