नई दिल्ली.रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने मंगलवार को सशस्त्र सेनाओं को आश्वासन दिया कि छठे वेतन आयोग द्वारा उनके वेतन में ‘मामूली’ वृद्धि संबंधी चिंताओं पर विचार किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि सिफारिशों को रिवाइज करते हुए इनमें ‘कुछ सुधार’ किया जाएगा।
एंटनी ने यह आश्वासन चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (सीओएससी) के अध्यक्ष एडमिरल सुरीश मेहता को दिया है। सूत्रों के मुताबिक, मेहता ने रक्षा मंत्रालय को आयोग के प्रस्तावों में सुधार का सुझाव दिया है। इसमें मिल्रिटी सर्विस पे (एमएसपी) को सैनिकों, अधिकारी रैंक से कमतर के सेनाकर्मियों और मझोले स्तर के अधिकारियों के मूल वेतन का 25 फीसदी करने का सुझाव शामिल है। चर्चा के दौरान और ज्यादा सरल पे बैंड तय करने, लंबी सेवा को महत्व देने आदि जैसी मांगें सामने र्आई। सीओएससी ने इस सिलसिले में एंटनी को ‘संयुक्त ज्ञापन’ भी सौंपा।
गौरतलब है कि सेना के तीनों अंग पे कमीशन की सिफारिशों से संतुष्ट नहीं हैं और इसे रिवाइज करने की मांग कर रहे हैं। कुछ दिन पहले सेना के तीनों अंगों के प्रमुखों ने इस संबंध में सरकार से मुलाकात भी की थी।