HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

जमीन के भाव हुए दोगुने

रायपुर. इस साल जमीन खरीद कर रजिस्ट्री कराने वालों को अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। जमीन का बाजार मूल्य ही नहीं, सरकारी दरों में भी जबर्दस्त इजाफा हुआ है। पिछले साल जिस जमीन की कीमत 80 रुपए प्रति फीट थी, सरकारी गाइडलाइन के मुताबिक आज वहां कीमत 200 रुपए से ज्यादा है।

1 अप्रैल को कलेक्टर द्वारा जारी गाइड लाइन दरों में भारी बदलाव हुए हैं। 10 से 15 फीसदी दाम सभी इलाकों में बढ़े हैं। लेकिन कुछ इलाके ऐसे हैं जहां गाइडलाइन के मुताबिक तीन गुने से ज्यादा वृद्घि हुई है। गौरतलब है, जिला मूल्यांकन समिति ने जमीन की खरीदी बिक्री को देखते हुए रेट तय किए हैं। इस समिति में जिला पंजीयक के अलावा नगर निगम, आरडीए, ग्राम एवं नगर निवेश के अधिकारी शामिल थे। समिति ने एक सप्ताह पहले अपनी अनुशंसा भेज दी थी। मंगलवार को कलेक्टर विकासशील ने इस पर अंतिम मुहर लगाई। जानकारों का मानना है कि गाइडलाइन और बाजार रेट से बहुत अधिक फर्क है। अब नई दरों से रजिस्ट्री होगी। बीते वित्तीय वर्ष 2007-08 में विभाग ने लक्ष्य से कम राजस्व हासिल किया।

आउटर पर नजर

इस साल सबसे ज्यादा जमीन खरीदी शहर के बाहरी इलाकों में हुई। खासकर 10 किलोमीटर के रेंज में। इन इलाकों में डेढ़ से दोगुनी कीमत बढ़ी है। लभांडी, अमलीडीह, धमतरी रोड, फुंडहर समेत आउटर में दाम 50 फीसदी बढ़े हैं। लोग नए प्लाट शहर के बाहर खरीदने में रुचि ले रहे हैं। इस एक और कारण वहां जमीन के दाम शहर की तुलना में कम होना है।

सर्वाधिक रेट जयस्तंभ के पास

जमीन के दाम सबसे ज्यादा जयस्तंभ के एक किलोमीटर के रेंज में है। लेकिन इस इलाके में सरकारी दर में केवल पांच प्रतिशत का इजाफा किया गया है। जय स्तंभ चौक से शारदा चौक तक पिछले साल रेट 6930 रुपए वर्गफीट था। इसमें 388 रुपए की वृद्धि की गई है। यानि 78736 रुपए प्रति वर्गफीट। इसी तरह मौदहापारा, आनंद टाकीज, बांबे मार्केट, गुरुनानक चौक, एमजी रोड सहित दूसरे प्राइम लोकेशन की स्थिति है। रजिस्ट्री आफिस के अधिकारियों ने बताया कि इस इलाके में जमीन की खरीदी बिक्री बहुत कम होती है। इसलिए गाइड लाइन में कम वृद्धि की जाती है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: