bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर

अंबिकापुर. जिले की सीमा से लगे झारखंड प्रदेश के रंका थानांतर्गत बांदू-चतरू क्षेत्र में सोमवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ में 8 नक्सलियों को मार गिराया। इनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। घटनास्थल से पुलिस को एक दर्जन अत्याधुनिक हथियार मिले। घटना की पुष्टि रंका पुलिस ने भी की है।

पुलिस को कल सूचना मिली कि रातू भंडरिया व रंका के बीच बांदू गांव में नक्सली घूम रहे हैं। रंका व भंडरिया पुलिस ने सूचना मिलते ही घेरेबंदी शुरू की। पुलिस रात करीब एक बजे बांदू-चतरू के जंगल पहुंची। पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। दोनों ओर से सैकड़ों गोलियां चलीं। बाद में नक्सली फरार हो गए।

सुबह पुलिस ने सर्चिग की तो घटनास्थल पर 8 नक्सलियों के शव व हथियार मिले। इनमें एक शव महिला का था। एक नक्सली की शिनाख्त सब-जोनल कमांडर बसंत यादव के रूप में की जा रही है। हालांकि पुलिस ने इस बारे में अभी पुष्टि नहीं की है। जब्त हथियारों में एसएलआर, कारबाइन व एक-एक डबल बैरल गन, 4 थ्री नाट थ्री व 315 बोर की 5 राइफलें शामिल हैं। पुलिस इलाके की सर्चिग कर रही है। इधर बलरामपुर पुलिस ने सरहदी क्षेत्रों में सर्चिग बढ़ा दी है।

नारायणपुर में बिजली बहाल

नक्सलियों के दंडकारण्य बंद के दौरान नारायणपुर क्षेत्र में बाधित बिजली की सप्लाई मंगलवार शाम बहाल हो गई, जबकि उसूर में बुधवार शाम तक सुधार होने की उम्मीद है। गढ़बेंगाल क्षेत्र के डोंगरीपारा जंगल में सोमवार रात नक्सलियों ने 11 केव्ही लाइन के पांच खंभों को क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिससे छोटेडोंगर, धौड़ाई, ओरछा क्षेत्र के करीब 100 गांवों में बिजली की सप्लाई ठप हो गई थी। एसपी अजय यादव ने बताया मंगलवार कि सुबह पुलिस और सीआरपीएफ के घेरे में सीएसईबी का अमला मौके पर पहुंचा और दिन भर की मशक्कत के बाद शाम करीब 5 बजे सुधार कार्य पूरा कर लिया गया।

इधर घाटी के नीचे बीजापुर व मद्देड़ से सीएसईबी के 25 कर्मचारी मजदूरों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और नक्सलियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए बिजली के खंभे निकाल लिए। यहां नए खंभे पहुंचा दिए गए हैं। नक्सलियों ने बीते गुरुवार की रात यहां 33 केव्ही लाइन के पांच खंभे आग लगाकर क्षतिग्रस्त कर दिए थे। सीएसईबी के एई पीएन सिंह ने बताया कि यदि स्थिति अनुकूल रही तो बुधवार शाम तक सुधार कर बिजली की सुविधा बहाल कर दी जाएगी।

केबल काटा : नक्सलियों ने सोमवार की रात बैलाडीला क्षेत्र के नेरली में रेलवे लाइन के केबल काट दिए, जिससे आवागमन मामूली तौर पर बाधित हुआ।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: