HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

मौत का कुआं

रायपुर. r खारुन में भाठागांव स्टाप डैम में हर साल औसतन पांच मौतें हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था ध्व्स्त है। हाल ही दो युवकों की मौत के बाद भी न प्रशासन जागा और न ही सुरक्षा के लिए जिम्मेदार एंजेसियों ने ऐहतियाती कदम उठाए।

होली खेलने के बाद शाम को नहाने गए राजेंद्रनगर के दो युवकों को इसी स्टाप डैम के भंवर ने निगल लिया। इसके पहले भी यहां लगातार हादसे हुए हैं। पिकनिक के लिहाज से अच्छा स्पाट होने की वजह से युवा यहां आते हैं। दरअसल, ब्रिटिश जमाने के इस बैराज से फिल्टर प्लांट के लिए पानी दिया जाता है। यही के पानी से शहर की प्यास बुझती है। बैराज (डैम) में समय की मार स्पष्ट दिखाई देती है। यहां काई की मोटी परत जम चुकी है। फिसलन से बेपरवाह लोग आज भी वहां टहलते हुए मिले।

बैराज के नीचे कुंड जैसा बना हुआ है, यही मौत का कुआं है। यह संवाददाता जब वहां पहुंचा, लोग नहाते मिले। सुरक्षा मुद्दे पर बातचीत शुरू की तो उन्होंने बुरा सा मुंह बना लिया। जाहिर है, सुरक्षा के प्रति न केवल प्रशासन बल्कि पर्यटक भी लापरवाह हैं।

भंवर में फंसते हैं

बैराज से पानी 12-15 फीट ऊपर से गिरता है। दस खंडों में मोटी धार कुंड में गिरती है और तेज प्रवाह शुरू हो जाता है। लहरें टकराने से भंवर बनता है। ज्यादातर मौतें इसी भंवर में हुई है। भंवर में फंसने वाला सीधे नीचे की ओर खींचा चला जाता है। कहीं-कहीं पत्थरों की खोह भी है। पुलिस का कहना है, इस जगह जब भी हादसा हुआ है, लाश दूसरे दिन ही मिली है। यह इसलिए होता है कि भंवर में फंसने वाला नीचे जाने के बाद पत्थरों की खोह में फंस जाता है।

सुरक्षा जीरो

होली के दूसरे दिन हुए हादसे के बाद भी पुलिस और प्रशासन नही जागा। इस इलाके में सुबह से शाम तक लगातार सैकडों लोगों का आना जाना लगा रहता है। लोग खतरा उठाकर बैराज पार करते हैं लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। खतरनाक हो चुकी इस जगह पर सुरक्षा संबंधी बोर्ड नहीं है। निगरानी की व्यवस्था तो है ही नहीं, खतरनाक इलाके को चिन्हित भी नहीं किया गया है।

किशोरों का अड्डा

प्रकृति के करीब यह जगह आसपास के गांवों के किशोरों और युवकों का अड्डा बन गया है। बैराज के किनारे बने दो मंजिला वाच टावर के नीचे बैठकर बड़ी संख्या में इन्हें धमाचौकड़ी करते देखा जा सकता है। किशोरों का यह समूह दिन में कई दफे नदी में नहाता भी है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: