भोपाल. कोहेफिजा पुलिस ने मंगलवार को इंजीनियरिंग के एक छात्र को गिरफ्तार कर उससे चोरी की तीन बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार को लालघाटी पर चैकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक को रोका था। उसकी गाड़ी में आगे और पीछे के नंबर अलग-अलग थे। उसके पास गाड़ी के कागजात भी नहीं थे। पूछताछ में उसने अपना नाम दिपांशु सिंह निवासी जैन नगर, गुफा मंदिर बताया।
मूलत: अशोक विहार कालोनी, वाराणसी का रहने वाला दिपांशु यहां अपने एक जूनियर छात्र के साथ रहता है। वह एयरपोर्ट रोड स्थित एक कालेज में इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष का छात्र है। उसके पिता वाराणसी में दवा कंपनी में एमआर हैं। सख्ती से की गई पूछताछ में उसने गाड़ी चोरी की होना कबूल किया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो और मोटर साइकिल बरामद की है। यह गाड़ियां उसने रामानंद कालोनी, कहकशा अपार्टमेंट और छोला रोड से चोरी की थी। वह अकेले ही वाहन चोरी करता था।
नकली सीडी बनाने का कारखाना पकड़ाया
हनुमानगंज पुलिस ने फिल्मों की नकली सीडी बनाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर हजारों नकली सीडी और 59 सीडी राइटर जब्त किए हैं। इनमें अश्लील फिल्मों की सीडी भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक जयदीप प्रसाद ने पत्रकारों को बताया कि मंगलवार को पुलिस ने घोड़ा नक्कास स्थित एक धर्मशाला के कमरा नंबर 24 में छापा मारा।
यह कमरा ऐशबाग कालोनी निवासी लाजपत राय अरोड़ा ने पिछले एक साल से नौ सौ रुपए प्रति माह पर किराए से ले रखा था। पुलिस ने मौके से 59 सीडी राइटर, फिल्मों की 2,452 नकली वीसीडी, 2,050 खाली सीडी, 31 एमपीथ्री सीडी, 53 अश्लील डीवीडी, 3,300 इनले कार्ड, तीन मल्टी कलर प्रिंटर तथा अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस ने लाजपत राय के खिलाफ अश्लील सामग्री रखने और कापी राइट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी सीडी की कापी करके उन्हें बाजार और मेले में सस्ते दामों पर बेचता था।