भोपाल. राजधानी में प्रमुख चौराहों पर लाखों रुपए खर्च कर लगाए गए हाईमास्ट बंद रहने से राहगीरों को रात में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे कुछ चौराहों पर दुर्घटनाओं का खतरा रहता है।
दैनिक भास्कर ने मंगलवार को शहर के प्रमुख चौराहों का मुआयना किया। मुआयने में पाया कि रात घिरने के बाद कुछ चौराहे रोशन रहते हैं, तो कुछ पर अंधेरा पसर जाता है। बोर्ड आफिस चौराहे पर मंगलवार को हाईमास्ट के कुछ बल्ब बंद पाए गए। इससे चौराहे के एक ओर अंधेरा छाया था।
इस अंधेरे के कारण दुर्घटना की आशंका बन रही थी। यहां चौराहे की सभी लाइटें केबिल कट जाने से पिछले तीन-चार दिनों से बंद पड़ी थी। नगर निगम द्वारा मंगलवार को दुरुस्त करने के बावजूद यहां की कुछ लाइटें जल रही थीं, तो कुछ बंद थीं।
शहर में पंद्रह हाईमास्ट
राजधानी में नगर निगम और सीपीए द्वारा कुल 15 जगहों पर हाईमास्ट लगाए गए हैं, इनकी देखरेख का जिम्मा नगर निगम के पास है। एक हाई मास्ट की लाइट कीमत करीब पांच लाख रुपए है।
बिजली का दुरुपयोग
राजधानी में अधिकांश चौराहों पर हाईमास्ट लगे होने के बावजूद चौराहे पर सुंदरता के लिए चारों ओर छोटे-छोटे बल्ब लगाए गए है। ये बल्ब हाईमास्ट के साथ जलते रहते हैं। हाईमास्ट जलने के बाद इन बल्बों की रोशनी की जरूरत नहीं रहती, लेकिन फिर भी इन बल्बों के जलने से बिजली का दुरुपयोग होता है।
यहां लगे है हाईमास्ट
बोर्ड आफिस चौराहा, रोशनुपरा चौराहा, बिट्टन मार्केट चौराहा, व्यापम चौराहा, शिवम पेट्रोल पंप चौराहा सहित करीब 15 जगहों पर हाईमास्ट लगाए गए हैं।