भोपाल. न्यूमार्केट के व्यापारियों ने मंगलवार की दोपहर टीटी नगर थाने पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों का आरोप था कि पुलिस ने एक सराफा व्यवसायी से दुकान पर र्दुव्यवहार कर मारपीट की, जबकि पुलिस का कहना है कि वह लूटी गई एक चेन को बरामद करने गई थी।
मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे टीटी नगर थाने के सब इंसपेक्टर विनय शर्मा न्यूमार्केट में विनायक ज्वेलर्स पर गए थे। वहां से वे दुकान संचालक अर्पित अग्रवाल को थाने ले आए। पुलिस का कहना था कि हिरासत में आए एक युवक ने यह बताया है कि उसने एक महिला से लूटी गई चेन अर्पित की दुकान पर बेची है। इस बीच अर्पित ने आरोप लगाया कि उसके साथ एसआई श्री शर्मा ने मारपीट की और हवालात में बंद कर दिया। इसके बाद वहां बड़ी संख्या में न्यूमार्केट के व्यापारी भी पहुंच गए। व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और श्री शर्मा पर कार्रवाई की मांग की।
न्यू मार्केट व्यापारी संघ के संस्थापक अध्यक्ष विजय खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि पुलिस को यदि किसी मामले में जांच करना है तो व्यापारियों को विश्वास में लिया जाना चाहिए। पुलिस ने न केवल व्यापारी से मारपीट की बल्कि हवालात में बिठा दिया। उन्होंने सीएसपी धर्मवीर सिंह यादव से मुलाकात कर श्री शर्मा को निलंबित करने की मांग की है। इधर श्री यादव का कहना है कि पुलिस लूट के मामले में जब्ती की कार्रवाई करने गई थी। व्यापारियों के आरोप की जांच की जा रही है।