भोपाल. अप्रैल माह के पहले दिन मंगलवार को भले ही सूरज के तेवर कुछ ‘नरम’ रहे हों, पर आने वाले दिनों में धूप की तपिश लगातार बढ़ती जाएगी। अप्रैल के आखिर तक दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।
उधर, पिछले दो दिनों से शहर के तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पिछले साल एक अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
रात का पारा लुढ़का-शहर में दिन का तापमान भले ही ऊपर गया हो, पर रात के तापमान में एक दिन में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा, सोमवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज हुआ था। मौसम विज्ञानिकों का कहना है कि जबलपुर, सागर, गुना, मंडला आदि स्थानों पर सोमवार की रात बारिश होने से रात के तापमान में कमी आई है।
हवा का रुख दक्षिणी-मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में अब भी द्रोणिका बनी हुई है। हवा की दिशा दक्षिणी होने के कारण अरब सागर से नमी आ रही है, जिससे प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो रही है।
अप्रैल के बारे में खास-अप्रैल और मई प्रदेश में गर्मी के मुख्य दो महीने हैं। मौसम शुष्क रहने और हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी होने के कारण अप्रैल जमकर तपता है। मौसम केंद्र के पास उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक भोपाल में अप्रैल में सबसे अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस 29 अप्रैल, 1996 को और न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री दो अप्रैल, 1935 को दर्ज हुआ था।