HomeNewsNational National

तीन चरणों में होगा कर्नाटक चुनाव

नई दिल्ली. कर्नाटक विधानसभा के बहुचर्चित चुनाव तीन चरणों में यानी 10, 16 तथा 22 मई को होंगे। मतगणना 25 मई को होगी। कर्नाटक देश का पहला राज्य है, जहाँ चुनाव क्षेत्रों के नए परिसीमन के तहत चुनाव होगा।

चुनाव आयोग ने आज कर्नाटक विधानसभा के 224 स्थानों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी। मतगणना 25 मई को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त एन. गोपालस्वामी ने आज यह घोषणा की।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव संहिता लागू हो गई है, जिसके तहत मतदाताओं को प्रभावित अथवा लुभाने की मंशा से चुनावों तक किसी प्रकार की नीतिगत घोषणा करने पर रोक लग गई है।

राज्य विधानसभा में 224 स्थान हैं, इसके तहत 89 स्थानों के लिए चुनाव पहले चरण में, 66 स्थानों के लिए दूसरे चरण में तथा शेष 69 स्थानों के लिए तीसरे चरण में चुनाव होगा। पहले चुनाव के लिए अधिसूचना 16 अप्रैल, दूसरे के लिए 22 अप्रैल तथा तीसरे के लिए 26 अप्रैल को जारी होगी।

गौरतलब है कि राज्य में राजनीतिक अस्थिरता के बाद 28 नवम्बर 2007 को राज्य विधानसभा भंग कर दी गई थी, जिसके चलते इस वर्ष 28 मई से पहले राज्य में नई विधानसभा का गठन होना है।

कर्नाटक विधानसभा ने आगामी चुनाव विधानसभा क्षेत्रों के नए परिसीमन के तहत हो रहे हैं। इसके तहत 36 अनुसूचित जाति एवं 15 क्षेत्र अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित होंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: