HomeNewsNational National

बेवफाई के चलते की मेघा ने खुदकुशी

जम्मू: बहुचर्चित कैप्टन मेघा राजदान आत्महत्या मामले में एक नया मोड़ आ गया है। पुलिस जांच से पता चला है कि मेघा ने अपने पति कैप्टन चैतन्य की बेवफाई के चलते खुदकुशी की थी, जिसके एक महिला से विवाहेत्तर संबंध थे।

इस बीच, चैतन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर मेघा को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप है। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी परमिंदर सिंह ने बताया कि चैतन्य के एक अन्य महिला से संबंध थे, जो उसकी बचपन की दोस्त है। चैतन्य अक्सर मेघा की मौजूदगी में भी उससे खुलकर बात करता था। वे एक-दूसरे को दिन में 100 से 200 एसएमएस तक भेजते थे। परमिंदर के मुताबिक फोन रिकॉर्ड से भी साफ हो गया कि चैतन्य के विवाहेत्तर संबंध थे।

ताकि निर्दोष समझें : पिछले साल एक अगस्त को कैप्टन चैतन्य की जीभ कट गई थी। चैतन्य का कहना था कि अज्ञात हमलावरों ने उसकी जीभ काटी है। पुलिस का मानना है कि बयान देने से बचने के लिए ही चैतन्य ने यह नाटक रचा था। अभी तीन माह पहले ही चैतन्य का ब्रेन मैपिंग और नार्को टेस्ट करवाया गया था। उसमें भी साफ हो गया था कि कुछ गड़बड़ जरूर है।

क्या था मामला : 113 इंजीनियरिंग रेजिमेंट की कैप्टन मेघा राजदान पंजाब के पठानकोट की रहने वाली थीं। उन्होंने अपनी ही रेजिमेंट के कैप्टन चैतन्य से शादी की थी। दोनों यहां कुंजवानी स्थित आर्मी कैंप में अपने सरकारी फ्लैट में रहते थे। गत वर्ष एक जुलाई को मेघा का शव अपने सरकारी आवास पर पंखे से लटका मिला था।

घटना के बाद मेघा के लैपटॉप से सुसाइड नोट भी मिल गया था। शुरू में इस मामले को आला अफसरों की प्रताड़ना से जोड़ा गया था। पुलिस ने इस मामले की जांच हत्या मानकर शुरू की थी। मेघा के अभिभावकों ने भी चैतन्य को क्लीन चिट दे दी थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: