HomeNewsNational National

सिमी के ट्रेनर सहित तीन कार्यकर्ता गिरफ्तार

इंदौर: प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट्स ऑफ इंडिया (सिमी) के कार्यकर्ताओं की मध्यप्रदेश में धरपकड़ जारी है। इस सिलसिले में बुधवार को इंदौर में एक ट्रेनर सहित संगठन के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अंशुमानसिंह यादव ने बताया कि गिरफ्तार कार्यकर्ताओं में आमान, जाकिर लाला और इरफान छीपा शामिल हैं। आमान सिमी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देता था, जबकि जाकिर सिमी का स्थानीय प्रमुख है। छीपा को सिमी की मदद करने और अन्य अवैध गतिविधियों को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

राष्ट्र विरोधी तत्वों को मदद : गिरफ्तार सिमी कार्यकर्ताओं पर अवैध गतिविधियों में शामिल होने और राष्ट्र विरोधी तत्वों को मदद देने का प्रकरण दर्ज किया गया है। बुधवार की गिरफ्तारियों सहित एक सप्ताह में सिमी के 24 कार्यकर्ता गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

महिला शाखा पर नजर : सिमी के शीर्ष सरगनाओं की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की नजर अब इसकी महिला शाखा ‘शाहीन फोर्स’ पर है। पुलिस के शीर्ष सूत्र के मुताबिक हाल ही में उज्जन जिले के उन्हेल में सिमी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद सिमी की यह शाखा चर्चा में आई है। सिमी की गतिविधियों में पुलिस को चार महिलाओं के शामिल होने का संदेह है, लेकिन उसने किसी गिरफ्तारी से इनकार किया है।

पिछड़े क्षेत्रों में सक्रिय : शाहीन फोर्स की कार्यकर्ता पिछड़ी बस्तियों की महिलाओं को बरगलाने का काम करती हैं। ये नए सदस्य भी बनाती हैं। बताते हैं कि पिछले दिनों श्यामनगर के जिस मकान से सिमी के 13 शीर्ष सरगना पकड़े गए थे, वह मकान किराए पर दिलाने में किसी महिला की भूमिका थी।

पुलिस हिरासत में सौंपा : खंडवा जिले में मंगलवार को गिरफ्तार सिमी के दो कार्यकर्ताओं जफर कुरैशी और मोहम्मद पेंटर को स्थानीय अदालत ने बुधवार को 10 अप्रैल तक पुलिस की हिरासत में सौंप दिया है। दोनों के पास से सिमी की रसीदें और साहित्य बरामद हुआ था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: