जयपुर.
चार अप्रैल को मीन राशि में चार ग्रहों के आने से चतुग्र्रही योग बनेगा। ज्योतिषियों की मानें तो इसके कारण मौसम में बदलाव तो आएगा ही, साथ ही लोगों के जीवन पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा।
पं. बंशीधर जयपुर पंचांग के निर्माता ज्योतिषाचार्य दामोदर प्रसाद शर्मा ने बताया कि 4 अप्रैल को शाम 7:52 बजे जब चंद्रमा मीन राशि में प्रवेश करेगा तो चतुग्र्रही योग का निर्माण होगा। यह योग 6 अप्रैल को सवा नौ बजे तक रहेगा। साथ ही 3 अप्रैल को 9 बजकर 32 मिनट पर मीन राशि में रहते हुए बुध ग्रह पूर्व दिशा में अस्त हो जाएगा। इससे मौसम में बदलाव आएगा तथा इससे अंधड़ के साथ वर्षा, ओलावृष्टि एवं बिजली गिरने की संभावना बनेगी। यह प्रभाव एक सप्ताह तक देखा जा सकेगा।
कैसे बना चतुग्र्रही योग
चार ग्रहों के एक राशि में आने से चतुग्र्रही योग का निर्माण होता है। मीन राशि में 14 मार्च को सूर्य व 30 मार्च को बुध का राशि परिवर्तन हुआ। इसके बाद 1 अप्रैल को शुक्र मीन में आया। इसके बाद 4 अप्रैल को चंद्रमा के आने से चतुग्र्रही योग बना।
राशिगत प्रभाव
>> मेष, मीन, सिंह तथा धनु राशि के लोगों के लिए धन व्यय व मानसिक अशांति कारक होगा।
>> वृषभ, कर्क, वृश्चिक तथा मकर राशि वालों को लाभदायक सिद्ध होगा।
>> मिथुन, कन्या, तुला व कुंभ राशि वालों के लिए मिश्रित फल देने वाला रहेगा।