इंदौर. केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय ने इंदौर से इसी साल हज के लिए जद्दा तक उड़ान शुरू करने की घोषणा की है। दिल्ली के इस्लामिक कल्चर सेंटर में हुई ऑल इंडिया हज कॉन्फ्रेंस में उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि यह उड़ान इंदौर से वाया मुंबई होते हुए जद्दा जाएगी। प्रदेश हज कमेटी के वेलफेयर ऑफिसर दाऊद हन्फी ने बताया हम 2005 से लगातार इसकी मांग कर रहे थे। दिसंबर में हज यात्रा पर जाने वाले लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
म.प्र. हज कमेटी की सचिव नुसरत मेहदी ने यहां से इमबार्केशन पाइंट शुरू करने की जोरदार मांग रखी थी। इस पर विचार करते हुए भारत सरकार ने एअरपोर्ट पर कस्टम, फॉरेन एक्सचेंज और इमिग्रेशन की सेवाएं मांगी है। उधर, दुबई के लिए जल्दी ही शुरू होने वाली उड़ान के चलते यह सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो जाएंगी।
इंदौर को इसलिए मिली उड़ान
इंदौर व उज्जैन संभाग से सबसे ज्यादा यात्री हज पर जाते हैं। उड़ान नहीं होने से उनके सालाना चार करोड़ से ज्यादा खर्च हो जाते हैं।
महाराष्ट्र की साढ़े नौ करोड़ की आबादी में सवा करोड़ मुस्लिमों के लिए मुंबई, नागपुर और औरंगाबाद में इमबार्केशन पाइंट हैं जबकि मप्र की सवा छह करोड़ की आबादी में 38.41 लाख मुस्लिम होने के बाद भी एक भी इमबार्केशन पाइंट नहीं था। औरंगाबाद और इंदौर के रनवे की लंबाई भी लगभग बराबर है।