इंदौर. पिछले दिनों गिरफ्तार किए गए सिमी आतंकवादियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बुधवार दोपहर चोरल के पास जंगल में उनके द्वारा चलाए गए ट्रेनिंग स्थल पर दबिश दी और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया। इनमें 122 सुपर पावर एक्सप्लोसिव, 100 डिटोनेटर्स, कनेक्टिंग वायर और स्टार्टर हैं। सभी विस्फोटक नागपुर की एक कंपनी द्वारा निर्मित हैं। मामले में एक फार्म हाउस मालिक को भी हिरासत में लिया गया है। फार्म हाउस से सिमी से संबंधित पोस्टर्स और पेम्फ्लेट भी मिले हैं।
रंगपंचमी की रात श्यामनगर में पकड़ाए 13 सिमी आतंकवादियों से की जा रही पूछताछ में चोरल कैंप का खुलासा हुआ था। इसके बाद बुधवार दोपहर धार एसपी चंचल शेखर के नेतृत्व में 50 पुलिसकर्मियों ने चोरल के जंगल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सफदर नागौरी, कमरुद्दीन और आमिल परवाज पुलिस के साथ ही मौजूद थे।
पुलिस ने 12 किमी दूर ग्राम गवालू (बलवाड़ा) के जंगल में नदी के पास शहजाद हुसैन महूवाला के फार्म हाउस पर स्नाइफर डॉग मदद से तलाशी ली तो पता चला कि फार्म हाउस के आसपास की खाली जमीन में गड्ढे करके सारा विस्फोटक छिपाया गया है। खुदाई करने पर एक पोलिथीन में रखे कनेक्टिंग वायर व 122 डिटोनेटर्स का गुच्छा और एक बोरा बरामद हुआ जिसमें 25-25 डिटोनेटर्स के चार बंडल छिपाकर रखे गए थे। इन पर विस्फोटकों पर ‘सुपर पावर एक्सप्लोसिव, कलकत्ता’ का पता लिखा हुआ था।