इंदौर. राजकुमार ब्रिज पर दिनदहाड़े एक इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी से बाइक सवार चार नकाबपोशों ने रिवाल्वर अड़ाकर आठ लाख रुपए लूट लिए। यह वारदात बुधवार दोपहर 1.30 बजे हुई तब सड़क पर खासा ट्रैफिक था। लोग कुछ समझ पाते उसके पहले ही बदमाश भाग निकले। सुरेश अग्रवाल निवासी आशीष रिजेंसी पीपल्याहाना की यश मार्केट, जेलरोड पर मोबाइल की दुकान है। दोपहर को वे अपने कर्मचारी मनीष पाटीदार निवासी पागनीसपागा के साथ एक्टिवा से आईसीआईसीआई बैंक, मालवा परिसर से रुपए निकालने गए थे।
वहां उन्होंने 7.90 लाख रु. निकालकर बैग में रखे और दुकान के लिए रवाना हुए। एक्टिवा मनीष चला रहा था जबकि बैग श्री अग्रवाल के पास था। जैसे ही वे राजकुमार ब्रिज के बीचो-बीच पहुंचे तभी दो बाइक पर सवार चार नकाबपोशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका और मनीष की कनपटी पर रिवाल्वर अड़ा दी। जब तक वे कुछ समझते दूसरे बदमाश ने एक्टिवा की चाबी निकालकर ली, तीसरे ने श्री अग्रवाल की गर्दन पर चाकू अड़ाया और चौथे ने बैग लूट लिया। यह सब महज दो मिनट के भीतर हो गया। इसके बाद चारों बदमाश चिकमंगलूर मार्ग की ओर भाग निकले और एक्टिवा की चाबी अपने साथ लेते गए। बदहवाश श्री अग्रवाल व मनीष किसी तरह एमजी रोड थाने पहुंचे और पुलिस को वारदात की सूचना दी। पुलिस ने तुरंत शहर के प्रमुख चौराहों की चेकिंग की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
हम चिल्लाते रहे, कोई मदद के लिए नहीं रुका
श्री अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि दिन में यहां बहुत चहल-पहल रहती है इसीलिए इस रास्ते से होकर निकला लेकिन बदमाश हमें लूट रहे थे तो वहां से गुजर रहे लोग देख कर भी मदद के लिए नहीं रुके।
नजदीकी व्यक्ति पर शक
वारदात के बाद पुलिस ने आईसीआईसीआई बैंक जाकर भी पूछताछ की। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि श्री अग्रवाल द्वारा बैंक से रुपए निकाले जाने की सूचना किसी नजदीकी व्यक्ति को थी। देर रात पुलिस ने हाल ही में जेल से छूटे बाणगंगा व हीरानगर में रहने वाले बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।