हरदा.
करीबी गांव रहटगांव में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री कमलनाथ मंच से गिर गए। मंच पर कांग्रेस नेताओं की भीड़ इकट्ठी होने के कारण मंच टूटा लेकिन कमलनाथ सहित अन्य कांग्रेस नेताओं को चोट नहीं आई।
बैतूल-हरदा लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव पांसे का प्रचार करने पहुंचे केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कमलनाथ रहटगांव की एक सभा में मंच से गिर गए। 250 वर्ग फीट और तकरीबन तीन फीट ऊंचे मंच पर 50 से अधिक कांग्रेस नेता मौजूद थे। करीब एक दर्जन नेता जब कमलनाथ का बड़े पुष्पहार से स्वागत करने मंच पर चढ़े तो कुछ ही देर में मंच धराशायी हो गया।
नीचे गिरते ही कमलनाथ तुरंत खड़े होकर थोड़ा-सा घबराने के बाद मुस्कुराने लगे, जबकि अन्य नेताओं पूर्व वन मंत्री हरवंश सिंह, स्वतंत्रता सेनानी बसंत कुमार चौरे व अन्य को जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल पटेल सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने उठाकर बैठाया। हालांकि मंच की ऊंचाई अधिक नहीं होने से कांग्रेेस नेताओं को चोट नहीं लगी। मंच टूटने पर कमलनाथ सहित अन्य नेताओं को जमीन पर रखी कुर्सियों पर ही बैठना पड़ा।
उल्लेखनीय है कंेद्रीय मंत्री कमलनाथ के पहुंचने से पहले मंच संचालन कर रहे आलमपुर सहकारी समिति अध्यक्ष गंगाराम गुर्जर बार-बार कांग्रेस नेताओं से अपील कर रहे थे कि जिन नेताओं को मंच पर बुलाया जाए वे ही मंच पर आएं, लेकिन अति उत्साही कार्यकर्ताओं की भीड़ मंच पर जमा होते ही वह धराशायी हो गया। श्री गुर्जर ने बताया कि मंच की क्षमता 25-30 लोगों का भार सहने की ही थी।
इनका कहना है..
कांग्रेस नेताओं द्वारा मंच बनाया गया था, हमारी व्यवस्था सिर्फ हैलीपैड बनाने की ही थी।
- भरत व्यास, कलेक्टर हरदा
रहटगांव में हैलीपेड पर 30 और सभास्थल पर 30 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। मंच तक ज्यादा कांग्रेस नेताओं को रोकने के प्रयास किए गए थे, लेकिन पुष्पहार से स्वागत के बाद अनेक कांग्रेस नेता अचानक मंच पर पहुंच गए। - एके झा, प्रभारी पुलिस अधीक्षक, हरदा