इंदौर/खंडवा. प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट्स ऑफ इंडिया (सिमी) के कार्यकर्ताओं की मध्यप्रदेश में धरपकड़ जारी है। इस सिलसिले में बुधवार को इंदौर में एक ट्रेनर सहित संगठन के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अंशुमानसिंह यादव ने बताया कि गिरफ्तार कार्यकर्ताओं में आमान, जाकिर लाला और इरफान छीपा शामिल हैं। आमान सिमी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देता था, जबकि जाकिर सिमी का स्थानीय प्रमुख है। छीपा को सिमी की मदद करने और अन्य अवैध गतिविधियों को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पिछड़े क्षेत्रों में सक्रिय
शाहीन फोर्स की कार्यकर्ता पिछड़ी बस्तियों की महिलाओं को बरगलाने का काम करती हैं। ये नए सदस्य भी बनाती हैं। बताते हैं कि पिछले दिनों श्यामनगर के जिस मकान से सिमी के 13 शीर्ष सरगना पकड़े गए थे, वह मकान किराए पर दिलाने में किसी महिला की भूमिका थी।
महिला शाखा पर नजर
सिमी के शीर्ष सरगनाओं की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की नजर अब इसकी महिला शाखा ‘शाहीन फोर्स’ पर है। पुलिस के शीर्ष सूत्र के मुताबिक हाल ही में उज्जन जिले के उन्हेल में सिमी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद सिमी की यह शाखा
चर्चा में आई है। सिमी की गतिविधियों में पुलिस को चार महिलाओं के शामिल होने का संदेह है, लेकिन उसने किसी गिरफ्तारी से इनकार किया है।
राष्ट्र विरोधी तत्वों को मदद
गिरफ्तार सिमी कार्यकर्ताओं पर अवैध गतिविधियों में शामिल होने और राष्ट्र विरोधी तत्वों को मदद देने का प्रकरण दर्ज किया गया है। बुधवार की गिरफ्तारियों सहित एक सप्ताह में सिमी के24 कार्यकर्ता गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
खंडवा में भी दो बंदी
एजेंसी, खंडवा. प्रतिबंधित संगठन सिमी के मंगलवार रात यहां गिरफ्तार किए गए दो कार्यकर्ताओं को अदालत ने बुधवार को 10 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार कार्यकर्ताओं के नाम जफर कुरैशी और मोहम्मद सलीम पेंटर हैं। दोनों की उम्र तकरीबन 25 वर्ष है। इनके कब्जे से कुछ रसीद कट्टे और साहित्य जब्त किया गया है। हाल ही में धार और उज्जौन जिलों से सिमी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों के संपर्क भी इन कार्यकर्ताओं से बताए गए हैं।
नागौरी की कस्टडी मांगेगी दिल्ली पुलिस
एजेंसी, नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस लोगों को भड़काने वाले पर्चे छपवाने व बंटवाने के एक प्रकरण में सिमी के प्रमुख रह चुके सफदर नागौरी को उसकी हिरासत में सौंपने की मांग करेगी। संयुक्त पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) करनाल सिंह ने बताया कि इस संबंध में जल्दी ही इंदौर की अदालत में याचिका दायर की जाएगी। नागौरी को 27 मार्च को सिमी के अन्य 12 प्रमुख लोगों के साथ इंदौर में गिरफ्तार किया गया था।