जम्मूकोर्ट ने गंदरबल इलाके में हुए फर्जी एनकाउंटर मामले में एक कमांडिंग ऑफिसर (सीओ) समेत आर्मी के पांच लोगों के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किए हैं।
पांचों आरोपियों के एक भी पेशी पर अदालत में हाजिर नहीं होने पर बुधवार को श्रीनगर के प्रिंसिपल जिला सेशन जज हसनैन मसूदी ने यह वारंट जारी किए। मामले में अगली सुनवाई 17 अप्रैल को होगी।
आरोपियों में 13 आरआर के कर्नल विक्रम सिंह, सेकंड-इन कमांड वीके शर्मा, मेजर ऋषि, जूनियर कमीशंड ऑफिसर पूरन सिंह और नायक सत्यलाल शामिल हैं। इसी मामले में तत्कालीन एसपी एचएस परिहार, डीएसपी बहादुर राम सहित पांच पुलिसकर्मियों को भी पिछले साल गिरफ्तार किया गया था।
गौरतलब है कि यह एनकाउंटर अक्टूबर 2006 में हुआ था और इसमें शौकत अहमद कटारिया को मारा गया था। शौकत जम्मू प्रोविंस के रामबन जिले के बनिहाल में रहता था। आर्मी वालों ने उसे जैदीबल क्षेत्र से उठाया और विदेशी आतंकवादी बताते हुए फर्जी एनकाउंटर में मार दिया था।