HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

14 स्थानों पर 331 वाहन पकड़े

ग्वालियर. सरेराह लूट की वारदात करने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए बुधवार को पुलिस ने दो घंटे शहर में चौदह स्थानों पर चेकिंग करवाई। चेकिंग में पुलिस के हाथ बदमाश तो नहीं लगे लेकिन यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 331 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें 73 वाहन ऐसे मिले जिन पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं लिखा हुआ था।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग समय पर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। मंगलवार को दोपहर बारह से दो बजे तक चेकिंग गई थी। बुधवार को चेकिंग का समय साढ़े ग्यारह से दोपहर डेढ़ बजे तक का रखा।

बुधवार को पुलिस की चेकिंग तानसेन रोड, रेसकोर्स रोड पर महाराजा गेट के सामने, आकाशवाणी तिराहा, थाटीपुर, कटोराताल रोड, रॉक्सी पुल, गश्त का ताजिया, सराफा बाजार, मोतीझील, शिंदे की छावनी, महाराज बाड़ा, फूलबाग, बहोड़ापुर तिराहे पर चली। चेकिंग के दौरान इन स्थानों पर निकलने वाले प्रत्येक दो पहिया वाहन को पुलिसकर्मियों ने चेक किया।

चेकिंग अभियान में 331 ऐसे वाहन पकड़े गए जो यातायात नियमों का उल्लंघन कर चलाए जा रहे थे। इनमें 73 वाहन बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के, 39 ऐसे दोपहिया वाहन मिले जिन पर तीन सवारियां थीं। इन वाहनों से पुलिस ने 18, 400 रुपए चालान शुल्क के रूप में वसूल किए।

यहां कोई रोक-टोक नहीं
शहर में बढ़ते अपराधों के लिए पुलिस को दोषी ठहराया जाता है पर पुलिस के बेहतर कार्यप्रणाली व अपराधों पर अंकुश के लिए आम जनता का सहयोग भी अति आवश्यक है यह बात हर बार भुला दी जाती है।

शहर में लगातार बढ़ते अपराध व उनमें बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों के इस्तेमाल को रोकने के लिए स्थानीय पेट्रोलपंप संचालकों की मदद मांगी व उनके साथ सामंजस्य बनाने के लिए 11 मार्च को पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक का की जिसमें 28 पेट्रोलपंप संचालकों ने भाग लिया।

बैठक में तय हुआ कि बिना नंबर के वाहनों में पैट्रोल नहीं भरा जाएगा। बैठक के 22 दिन बाद सिटी रिपोर्टर विशाल भदौरिया, विभावसु तिवारी व फोटो ग्राफर विक्रम प्रजापति ने शहर के छह पेट्रोलपंपों की पड़ताल की तो पता चला बैठक के निर्णय को ताक पर रखा जा चुका है।

सभी पेट्रोल पंपों पर बिना रोकटोक के बिना नंबर की गाड़ियों में धड़ल्ले से पैट्रोल डाला जा रहा है। लोगों से नंबरों के बारे में पूछताछ तो दूर कोई नंबर प्लेट पर नजर डालने वाला भी नहीं है। वहीं दूसरी ओर बुधवार को शहर की पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग लगाकर बिना नंबर की 73 गाड़ियों को पकड़ा और उनके चालान बनाए।

पेट्रोल पंप संचालकों से पुन: चर्चा होगी
>> पेट्रोल पंप संचालकों के साथ 22 दिन पहले हुई बैठक में निर्णय लिया गया था कि बिना नंबर वाहनों को पेट्रोल-डीजल न दिया जाए। अगर ऐसे वाहनों को ईंधन दिया जा रहा है तो एक बार फिर पेट्रोल पंप संचालकों से चर्चा की जाएगी। वीके सूर्यवंशी, एसपी ग्वालियर

करे जनता भी सहयोग
>> यह निर्णय पुलिस और पेट्रोल पंप संचालकों के सहयोग से ही अमल में लाया जा सकता है। हम तो तैयार हैं पर जन सहयोग भी आवश्यक है।
दीपक सचेती, अध्यक्ष, ग्वालियर पेट्रोल डीलर्स एसो.





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: