News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. बुधवार की दोपहर हरीशंकरपुरम स्थित एक डाक्टर के घर में मरीज बनकर पहुंचे चार बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर लूट लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हुलिए के आधार पर बदमाश की तलाश करने के लिए शहर में चेकिंग भी करवाई लेकिन कोई सुराग नहीं मि
जानकारी के अनुसार, डा. रोहित भल्ला फिजियोथेरेपिस्ट हैं और हरीशंकरपुरम में क्लीनिक संचालित करते हैं। दोपहर लगभग ढाई बजे डा. भल्ला के मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति ने कॉल किया और कहा कि उसके हाथ में दर्द रहता है और वह उनसे इलाज कराना चाहता है ।
डा. भल्ला इस समय घर से बाहर थे, इसलिए उन्होंने आधा घंटा बाद घर पहुंचने की बात कहकर फोन डिस्कनेक्ट कर दिया। साढ़े तीन बजे वे घर पहुंचे, इसके कुछ देर बाद ही बदमाशों ने घर के दरवाजे पर दस्तक दे दी। उन्होंने दरवाजा खोला तो चार युवक सामने खड़े थे। इन युवकों को वे अंदर ले आए और जिस युवक को हाथ में दर्द बताया गया था, उसकी जांच करने लगे।
डा. भल्ला ने मरीज को बताया कि उसे प्रतिदिन एक्सरसाइज कराने आना पड़ेगा। इसके बाद बदमाशों में से एक ने पानी मांगा। डाक्टर पानी लेने के लिए अंदर के कमरे में गए, इसी दौरान बदमाश उन पर हावी हो गए और कट्टा अड़ाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए।
इसके बाद बदमाशों ने घर की तलाशी ली जब उन्हें घर से कुछ खास नहीं मिला तो वे डाक्टर की जेब से मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड छीन ले गए। जाते-जाते कट्टाधारी बदमाश उनसे एटीएम कार्ड का पासवर्ड भी पूछ गए। हालांकि डाक्टर ने बदमाशों को गलत पासवर्ड बताया। इसके बाद बदमाश घर के पिछले गेट से भाग निकले।
इस घटना के लगभग आधा घंटे बाद डा. भल्ला की मां घर पहुंची और उन्हें बंधनमुक्त किया। घटना की सूचना पुलिस कन्ट्रोल रूम को दी गई। सीएसपी झांसी रोड प्रणय नागवंशी और टीआई रवि चौहान मौके पर पहुंच गए।
सीएसपी के मुताबिक, बदमाशों में एक दुबला-पतला तथा एक लंबे कद का था, इसके हल्की दाढ़ी भी थी। पुलिस इस हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश शहर में करा रही है। पड़ोस के निर्माणाधीन मकान में काम करने वाले एक मजदूर पर संदेह जताया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है।