लंदन.ब्रिटेन में बार-बार आ रहे बाढ़, गर्म हवाएं और भारी बारिश के कारण यहां के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
जलवायु परिवर्तन पर ब्रिटिश मेडिकल एसोसिएशन (बीएमए) द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार जलवायु परिवर्तन के कारण ब्रिटेन को अत्यधिक गर्मी और भारी वर्षा का सामना करना पड़ेगा। इससे ब्रिटेन को मलेरिया के प्रकोप का सामना करना पड़ सकता है।
‘हेल्थ प्रोफेशनल्स- टेकिग एक्शन ऑन क्लाइमेट चेंज’ शीर्षक वाली इस रिपोर्ट में कहा गया है कि पेशेवर स्वास्थ्यकर्मियों को जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न परिस्थितियों से मुकाबला करना होगा। डाक्टरों के सामने सार्वजनिक स्वास्थ्य की चुनौतियों से निपटने के लिए अवसर और जिम्मेदारियां होंगी।
रिपोर्ट के मुताबिक यहां बाढ़ के कारण कई संक्रामक बीमारियां फैलेंगी। इसका लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। लोगों में चिंताएं और निराशा बढ़ जाएंगी।
बीएमए के प्रमुख विवेयनी नाथांसन ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए डाक्टरों और अन्य पेशेवर स्वास्थ्यकर्मियों को तैयार रहना होगा।
उन्होंने कहा कि उनकी रिपोर्ट में उन व्यावहारिक उपायों को बताया गया है जिनसे वातावरण पर होने वाले नकारात्मक प्रभावों को कम किया जा सकता है।