बांसवाड़ा.
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को राजस्थान में बांसवाड़ा के निकट बेणोश्वर धाम पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और लालकृष्ण आडवाणी को जमकर आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा जैसी पार्टियां समाज में हिंसा और दंगे कराती हैं, जबकि कांग्रेस ने हमेशा से ही एकता के लिए काम किया है।
सोनिया ने कहा कि भाजपा वैसे तो देशभक्ति की बातें करती है, लेकिन उसकी अगुआई वाली एनडीए सरकार के कार्यकाल में ही आतंकियों को छोड़ा गया था। उन्होंने एनडीए के शासनकाल में गृहमंत्री रहे लालकृष्ण आडवाणी के उस बयान पर सवाल उठाया कि वे कंधार कांड के वक्त इस बात से अनजान थे कि आतंकियों के साथ तत्कालीन विदेश मंत्री जसवंत सिंह जाने वाले थे। सोनिया ने पूर्व रक्षा मंत्री जार्ज फर्र्नाडीस के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि आडवाणी को इसकी जानकारी थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि तत्कालीन विदेश मंत्री जसवंत सिंह इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी क्यों नहीं तोड़ते हैं? उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के साथ जो खिलवाड़ हुई थी, उसे उजागर करना चाहिए।
वसुंधरा सरकार पर हमला : सोनिया ने राजस्थान सरकार पर केंद्र सरकार की नीतियों का सही तरीके से पालन नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने वसुंधरा सरकार को भ्रष्ट और गरीब विरोधी बताते हुए महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए अपनी जिम्मेदार निभाने को कहा।
आदिवासियों के लिए यूनिवर्सिटी : सोनिया ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति को संरक्षण देने के लिए मध्यप्रदेश में एक इंदिरा गांधी राष्ट्रीय ट्राइबल यूनिवर्सिटी खोली जाएगी।
शिव की आराधना : इससे पहले सोनिया ने आदिवासियों के प्रमुख तीर्थ बेणोश्वर धाम पर स्थित हरि और शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने मावजी महाराज का मुख्य चौपड़ा भी देखा। इस दौरान बेणोश्वर धाम के पीठाधीश्वर अच्युतानंद महाराज ने उन्हें मावजी महाराज द्वारा रचित ग्रंथों और उसमें लिखी गई मुख्य भविष्यवाणियों की जानकारी दी।