HomeHealth Health

अधिक पानी पीने से नहीं होता कोई फायदा

न्यूयार्क. अधिक पानी पीने से नहीं होता कोई फायदा सामान्य तौर पर माना जाता है कि अधिक पानी पीना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है, क्योंकि इससे त्वचा साफ होती है, हानिकारक पदार्थ शरीर से निकल जाते हैं और थकान मिटती है। हालांकि अब एक ताजा अध्ययन में अधिक जल ग्रहण करने से किसी तरह का फायदा होने पर संदेह प्रकट किया गया है। अमेरिका में पेनसिलवेनिया यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने पाया कि पुरानी सलाह के अनुसार, दिन में आठ गिलास पानी पीने से स्वास्थ्य को बहुत अधिक लाभ नहीं पहुंचता। शोधकर्ता डा. डैन नेगोआनु और डा. स्टेनली गोल्डफार्ब के मुताबिक, ‘ज्यादा पानी पीने से लाभ होने के कोई स्पष्ट सबूत उपलब्ध नहीं हैं। वैसे तो हम अतिरिक्त पानी के लाभ के बारे में इंटरनेट पर मौजूद धारणाओं को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन हम यह भी स्वीकार करते हैं कि कम फायदा पहुंचने के भी स्पष्ट सबूत नहीं हैं।’ दोनों शोधकर्ताओं ने यह बात ‘अमेरिकन सोसाइटी आफ नेफ्रोलॉजी’ जर्नल के ताजा अंक में लिखी है। सलाह आई कहां से?: शोधकर्ताओं ने कहा कि किसी भी अध्ययन में यह संकेत नहीं दिया गया है कि एक साधारण स्वस्थ मनुष्य को दिन में आठ गिलास पानी पीने की आवश्यकता है। उन्होंने लिखा, ‘वास्तव में तो यही स्पष्ट नहीं है कि आखिर यह सलाह आई कहां से है।’ अलबत्ता शोधकर्ताओं ने इस बात के कुछ सबूत जरूर पाए कि गर्म और शुष्क जलवायु में रहने वाले लोगों और एथलीटों को डीहाइड्रेशन से बचने के लिए जल का अधिक सेवन जरूरी है।

इन दावों पर भी संदेह: शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में इस दावे के भी स्पष्ट सबूत नहीं पाए कि दिन में अधिक पानी ग्रहण करने से भूख कम लगती है और इससे शरीर का वजन संतुलित बना रहता है। सिरदर्द को कई बार जल के कम सेवन से जोड़ा जाता है, लेकिन शोधकर्ताओं ने दावा किया कि इस बात को साबित करने लिए भी पर्याप्त आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: