HomeNewsNational National

‘मैनेजमेंट गुरु’ का राज....

नई दिल्ली: रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव के ‘मैनेजमेंट गुरु’ बनने के राज का खुलासा जल्द होने जा रहा है। लालू के ओएसडी सुधीर कुमार ‘बैंकरप्सी टु बिलियंस’ नामक किताब के जरिए यह खुलासा करेंगे। इसमें बताया जाएगा कि भारतीय रेलवे घाटे से मुनाफे में कैसे आई और कैसे दुनियाभर की परिवहन नीति पर छा गई। इसके अगस्त तक बाजार में आने की उम्मीद है।

‘बैंकरप्सी टु बिलियंस’ के जरिए भारतीय रेलवे के कायाकल्प की कहानी बाजार में भुनाने के लिए दर्जनभर से ज्यादा प्रकाशक रेलवे बोर्ड के चक्कर काट रहे हैं। एक विदेशी पब्लिशिंग हाउस ने किताब छापने और मार्केटिंग के एवज में बतौर एडवांस मोटी रकम का प्रस्ताव भी दे डाला है। यह बात अलग है कि रेलवे का हिसाब-किताब दुरुस्त करने के फामरूले के साथ कुल तीन सौ पेज की किताब की फिलहाल केवल प्रस्तावना ही लिखी गई है।

प्रस्तावना में रेलवे की सेहत दुरुस्त करने का श्रेय रेलकर्मियों की ईमानदार मेहनत को दिया गया है। इसमें इस बात का खास जिक्र है कि कभी केंद्र सरकार का लाभांश देने में भी असमर्थ रेलवे 76 फीसदी ऑपरेटिंग रेशो के साथ विश्व परिवहन बाजार में अपनी धाक कैसे जमा पाई। बिहार कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुधीर कुमार ने यह भी लिखा है कि लालू प्रसाद की राजनीतिक इच्छा शक्ति और नौकरशाहों की शानदार केमिस्ट्री के कारण ही भारतीय रेलवे सफलता का परचम लहरा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: