bhaskar Web English
HomeNewsNational National

कर्नाटक में तमिल फिल्मों का विरोध, रजनीकांत नाराज

चेन्नई.कर्नाटक में तमिल फिल्मों का विरोध, रजनीकांत नाराज  तमिलनाडु और कर्नाटक राज्यों के बीच विवादों में घिर चुकी होगनक्कल पेयजल परियोजना पर मतभेद गहराने के बाद शुक्रवार को कर्नाटक में तमिल फिल्में दिखा रहे सिनेमाघरों पर हमला किया गया और इसके जवाब में तमिल और कन्नड़ फिल्म उद्योग से जुड़े कलाकारों ने विशाल धरना देकर उपवास रखा।

विरोध में मुख्य रूप से शामिल हुए दक्षिण भारतीय फिल्मों के महानायक रजनीकांत ने काफी नाराजगी जताते हुए कहा कि कर्नाटक में चुनाव का माहौल है और इसे चुनाव का मुद्दा बनाने के लिए राजनेता हवा दे रहे हैं जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। रजनी ने कहा कि सच का साथ दिया जाना चाहिए न कि मुद्दे को राजनीतिक ढंग से पेश किया जाना चाहिए।

रजनीकांत ने कड़े तेवर दिखाते हुए तमिलनाडु के पक्ष में आवाज बुलंद करते हुए कहा कि मैं अपने मन की बात कर रहा हूं न कि कोई राजनीतिक भाषण दे रहा हूं। रजनी ने साफ तौर पर कहा कि ऐसे विवादों से अगर तकलीफ किसी को होती है तो आम आदमी को। शीर्ष राजनेता इस मुद्दे को हवा दे रहे हैं जबकि इसे सुलझाने की पहल होना चाहिए।

रजनीकांत ने होगनक्कल परियोजना विवाद को लेकर कहा कि तमिलनाडु के लोगों को परियोजना का फायदा मिलना चाहिए। उन्होंने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि राजनेताओं को आम लोगों से जुड़े अभावों को प्राथमिकता के साथ सुलझाना चाहिए।

विरोध प्रदर्शन में अभिनेताओं, तमिल फिल्म प्रोड्यूसर काउंसिल के प्रतिनिधियों और फिल्म एम्पलाइज फेडरेशन आफ साउथ इंडिया सहित सिनेमा उद्योग से जुडे़ कई संगठनों ने हिस्सा लिया। इन संगठनों ने स्पष्ट किया कि शुक्रवार के दिन शूटिंग सहित फिल्म निर्माण से जुड़ी सभी गतिविधियों को स्थगित कर दिया गया है और विदेश में गई तमिल सिनेमा की यूनिटों को भी काम बंद रख कर उनके साथ एकता प्रदर्शित करने को कहा गया है। विरोध प्रदर्शनों के समर्थन में शहर के सिनेमाघरों ने दोपहर और शाम के शो को स्थगित कर दिया है।

विरोध प्रदर्शन में दक्षिण भारत के मशहूर सुपरस्टार कमल हासन और सरत कुमार समेत कई बड़े नाम वाले कलाकार मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: