जयपुर. आईपीएल के जयपुर में होने वाले मैचों की टिकट बिक्री अगले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। ईस्ट ब्लॉक के 50 व 100 रुपए के टिकटों की बिक्री मैच से तीन दिन पहले शुरू की जाएगी। 18 अप्रैल से शुरू होने वाली इस लीग के सात मैचों का आयोजन एसएमएस स्टेडियम में होगा। 21 अप्रैल को होने वाले पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स का सामना मोहाली की किंग्स-11 से होगा।
राजस्थान रॉयल्स के सूत्रों ने बताया कि मैचों के टिकट रेट्स भी तय कर लिए गए हैं, लेकिन उनकी घोषणा एक-दो दिन में की जाएगी। सूत्रों के अनुसार ईस्ट ब्लॉक में 50 व 100 रुपए के टिकट होंगे, जबकि वेस्ट ब्लॉक के टिकटों की रेट 400 रुपए तय की गई है। नॉर्थ में 500 तथा साउथ में 1000 रुपए के टिकट मिलेंगे। नॉर्थ व साउथ ब्लॉक के लॉन में टिकटों की रेट तीन से पांच हजार रुपए के बीच रखी गई है। वेस्ट ब्लॉक में 72-72 हजार के बॉक्स उपलब्ध रहेंगे। एक बॉक्स में 12 सीट होंगी। चेयरमैन व प्रेसिडेंट बॉक्स में 10 से 12 हजार रुपए के टिकट होंगे।
बैरी होंगे कोचिंग निदेशक : सूत्रों ने बताया कि विक्टोरिया के डेरेन बैरी को राजस्थान रॉयल्स का कोचिंग निदेशक बनाया गया है। वे 10 अप्रैल को जयपुर पहुंचेंगे। टीम के कप्तान व कोच शेन वार्न भी विक्टोरिया के हैं।