जयपुर. राज्य में नए शिक्षा सत्र में 22 पॉलीटेक्निक कॉलेज खुलेंगे। जयपुर और बीकानेर में खुलने वाले कॉलेज सरकारी होंगे, जबकि शेष कॉलेज जनसहभागिता योजना के तहत खुलेंगे। इनमें 4 हजार सीटें होंगी।
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) की राज्य स्तरीय समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में इन संस्थानों को लेटर ऑफ इंटेंड (एलओआई) जारी किए गए। इसके अलावा राज्य के 32 इंजीनियरिंग कॉलेज, 12 पॉलीटेक्निक कॉलेज, 17 फॉर्मेसी तथा 6 पैरामेडिकल कॉलेजों को 3 वर्ष का एक्सटेंशन दिया गया। प्रमुख शासन सचिव जी.एस.संधू का कहना है कि एलओआई जारी किए गए कॉलेजों को जल्द शुरू किया जाएगा। इससे सीटों की संख्या बढ़कर 10 हजार से ऊपर हो जाएगी।
फैक्ट फाइल :
प्रदेश में फिलहाल पॉलीटेक्निक कॉलेज : 38
सीटें : 6,530
नए सत्र में कॉलेज : 60
सीटों की संख्या होगी : 10,530
नए सरकारी कॉलेज
>> बीकानेर में इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में।
>> सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, जयपुर के नाम से।
जनसहभागिता के तहत यहां खुलेंगे बालोतरा, ब्यावर, भवानीमंडी, भिवाड़ी, चाकसू, डीग, देवली, दूदू, गुलाबपुरा, खेतड़ी, कोटपुतली, महुआ, माउंट आबू, नीम का थाना, नोखा, नोहर, फलोदी, रतनगढ़, सोजत, सूरतगढ़।