इंदौर. यूनिवर्सिटी के 34 टीचिंग डिपार्टमेंट (अध्ययनशालाओं) के करीब छह हजार छात्रों को अब एक जैसी रिजल्ट शीट मिलेगी। उस पर विभागाध्यक्ष के साथ रजिस्ट्रार के दस्तखत भी होंगे। इसका प्रारूप तय करने के लिए रजिस्ट्रार आर.डी. मूसलगांवकर सभी विभागध्यक्षों के साथ बैठक करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने इसकी पुष्टि भी की। अब तक सभी अध्ययनशालाओं की रिजल्ट शीट अलग-अलग डिजाइन की है जिसे विभाग ही जारी करता है। इनमें गलतियों की भी शिकायतें आती रही हैं।
विभाग का नाम छोटा और यूनिवर्सिटी का लोगो बड़ा
यूटीडी के सभी रिजल्ट यूनिवर्सिटी प्रेस में तैयार होते हैं। कुछ विभाग हर साल रिजल्ट घोषित होने के बाद रजिस्ट्रार को शिकायत करते हैं कि प्रेस में विभाग का नाम छोटा और यूनिवर्सिटी का लोगो बड़ा छप गया। जैसा बताया था वैसा नहीं छापा।