बीकानेर. किसानों को पश्चिमी विक्षोभ महंगा पड़ रहा है। बीते पांच दिनों से वेस्टर्न डिस्टर्बेस का प्रभाव राजस्थान पर है। इस कारण पांच दिनों से बारिश, तेज हवा व ओलावृष्टि का दौर जारी है। शुक्रवार को भी ग्रामीण इलाकों में जोरदार बारिश हुई। जसरासर में सुबह 10 बजे शुरू हुई बारिश एक घंटे तक हुई।
नोखा के भेरासर में डेढ़ घंटे तक बारिश हुई। इससे खेत लबालब हो गए। कोलायत में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। लूणकरणसर के वार्ड नंबर सात में नीम के एक पेड़ पर बिजली गिरी जिससे पेड़ झुलस गया। यहां छह घंटे तक कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही। बिजली गिरने से कोई हताहत नहीं हुआ। खाजूवाला, कोलायत, पूगल आदि क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी तो कहीं तेज हवाओं का दौर जारी है। श्रीडूंगरगढ़ में भी सुबह हल्की बारिश हुई लेकिन दोपहर बाद आसमान साफ हो गया। तहसील के मोमासर में भी तीन घंटे तक जोरदार बारिश हुई। तेजरासर में लगातार बारिश का दौर जारी है।
शहर में भी बीती रात दो बजे के बाद बारिश शुरू हुई। कुछ घंटे रुकने के बाद सुबह चार बजे फिर शुरू हुई। सात बजे आसमान साफ रहा। हल्की धूप भी निकली लेकिन देखते ही देखते नौ बजे काले बादल छाने लगे। तेज हवा और हल्की बूंदाबांदी फिर शुरू हो गई।
दोपहर 12 बजे फिर आसमान साफ हुआ लेकिन तीन बजे के करीब फि र बादलों ने आसमान को घेर लिया। शाम चार बजे भी हल्की बूंदाबांदी हुई। जिले में कही भी ओलावृष्टि की खबर नहीं है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को शहर में अधिकतम 25 डिग्री व न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।