इंदौर.
आईपीएस एकेडमी के इंजीनियरिंग के छात्रों फीस ज्यादा लेने के विरोध में ढाई घंटे तक हंगामा किया। कॉलेज प्रशासन के पुतले फूंके और पथराव के साथ चक्काजाम का प्रयास भी किया। पुलिस ने दो बार लाठियां फटकारकर छात्रों को खदेड़ा। आईपीएस एकेडमी के फॉर्मेसी के छात्रों का मामला पांच दिन में भी शांत नहीं हो पाया था कि इंजीनियरिंग के करीब 300 छात्रों ने मोर्चा खोल दिया।
उनका कहना था बीई की छह ब्रांचों में 66,000 से 72,000 रुपए वार्षिक फीस ली जाती है जो अन्य कॉलेजों से ज्यादा है। राजीव गांधी प्रोद्यौगिकी विवि के नियमों के अनुसार भी यह 23,000 से 32,000 तक होना चाहिए। यह मांग कई बार प्रबंधन के सामने रखी पर बात नहीं बनी जबकि अन्य इंजीनियरिंग कॉलेजों में छात्रों के विरोध के बाद फीस कम कर दी गई। इसी कारण शुक्रवार को छात्र सड़क पर उतर आए। सुबह 11.30 बजे उन्होंने फिर प्रबंधन से बात की और फिर एबी रोड पर आकर नारेबाजी करने लगे।
इसी बीच चक्काजाम का प्रयास भी किया पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो सब इधर-उधर हो गए। इसके बाद कॉलेज गेट पर पथराव कर कांच फोड़ दिए और कॉलेज के गेट पर टायर जलाए। पुलिस ने फिर लाठीचार्ज कर छात्रों को खदेड़ा। इसके बाद एसडीएम गौतमसिंह, सीएसपी गिरीश सूबेदार ने मोर्चा संभाला।
कॉलेज प्रबंधन ने छात्र नेताओं को अंदर बुलाकर बात करने की कोशिश की तो उन्होंने मना कर दिया। उनका कहना था जो भी बात करने जाता है उसे आंदोलन वापसी के लिए धमकाते हैं। जो बात हो सबके सामने हो।