बीकानेर.
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विषय व्याख्याताओं के रिक्त पदों को भरने के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग को अर्थना भेजी है। माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्कूलों में विषय व्याख्याताओं के तीन हजार से अधिक पद रिक्त हैं। अनुपात के हिसाब से राज्य सरकार ने 757 रिक्त पदों को भरने की मंजूरी विभाग को दी थी, जिसमें से 651 रिक्त पदों पर आरपीएससी के माध्यम से व्याख्याताओं का चयन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा आयुक्त के.के.पाठक ने हाल ही में 651 रिक्त पदों पर विषय व्याख्याताओं की 13 अर्थनाएं आरपीएससी को भेजी हैं। हिन्दी के 151, अंग्रेजी के 150, भूगोल 80, अर्थशास्त्र 18, राजस्थानी एक, समाजशास्त्र पांच, पंजाबी दो, चित्रकला के आठ व्याख्याताओं सहित विभिन्न विषयों के 13 व्याख्याताओं का चयन किया जाएगा। आयुक्तालय सूत्रों के अनुसार वर्ष 2004-06 के रिक्त पदों पर व्याख्याताओं की नियुक्तियां की जाएंगी। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयानुसार प्रथम दो श्रेणियों के लिए बैकलॉग रखे गए हैं। महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित किया गया है।
नहीं हुई तदर्थ पदोन्नति
माध्यमिक शिक्षा विभाग में विषय व्याख्याताओं के रिक्त पदों पर तदर्थ पदोन्नति की स्वीकृति अब तक नहीं हो सकी है। विभाग ने दो माह पूर्व तीन हजार से अधिक विषय व्याख्याताओं की तदर्थ पदोन्नति के प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे थे। उन प्रस्तावों को मंजूरी नहीं मिलने के कारण अब आरपीएससी को अर्थना भेजी गई है। स्कूलों में विषय व्याख्याताओं की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षा सत्र 2006-07 तबादलों के कारण बुरी तरह प्रभावित रहा है।