bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

शिक्षामंत्री के बयान पर बवाल

रायपुर. युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने श्री चंद्राकर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने श्री चंद्राकर के बंगले के सामने काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिसवालों से उनकी धक्का-मुक्की भी हुई।

श्री चंद्राकर के बंगले का घेराव करने जा रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जगह-जगह रोकने का प्रयास किया। जयस्तंभ चौक पर भारी फोर्स तैनात की गई थी। कोतवाली चौक, नलघर चौक, ओसीएम चौेक शास्त्री चौक, नगरघड़ी चौक, कलेक्टोरेट, शंकरनगर चौक और मंत्री बंगले के सामने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी लगा दी गई थीं।

सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए अलग-अलग रास्तों से श्री चंद्राकर के बंगले तक पहुंचे कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लहराकर श्री चंद्राकर के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस को काले झंडे छीनने के लिए कार्यकर्ताओं से झूमाझटकी भी करनी पड़ी। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे 25 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। कार्यकर्ताओं को दोपहर 2 बजे सिविल लाइंस थाने से मुचलके पर छोड़ दिया गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की अगुवाई कर रहे अजीज भिनसरा ने मंत्री श्री चंद्राकर को 24 घंटे के भीतर राज्य की जनता से माफी मांगने का अल्टीमेटम दिया है।

एसएफआई के तेवर

स्टूडेंट फेडरेशन आफ इंडिया के कायकर्ताओं ने रैली निकालकर मोतीबाग चौक पर श्री चंद्राकर का पुतला जलाया। एसएफआई के राज्य महासचिव राजेश अवस्थी और भारत की जनवादी नौजवान सभा के राज्य समिति सदस्य राजेश पराते ने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह से आग्रह किया कि श्री चंद्राकर को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया जाए। प्रदर्शन के दौरान ऐलान किया गया कि स्कूलों को निजी हाथों में बेचने का प्रस्ताव वापस नहीं हुआ तो दोनों संगठन संयुक्त रूप से आंदोलन करेंगे। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव और मंडल सदस्य धर्मराज महापात्र ने कहा कि ऐसी पिछड़ी और घटिया मानसिकता वाले व्यक्ति को मंत्री के पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

भाजश भी विरोध में

भारतीय जनशक्ति के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश पुजारी, प्रदेश महामंत्री अमित गौर, मनीष मालू और दीपक दुबे ने कहा कि बच्चों को शिक्षा देने का दायित्व सरकार का है। इसके बाद भी शिक्षा मंत्री का बयान दर्शाता है कि सरकार को शिक्षा की चिंता नहीं है। राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस ने भी शिक्षामंत्री का जयस्तंभ चौक पर पुतला फूंका। शहर अध्यक्ष राजेश पांडे ने बताया कि ऐसे बयानों से भाजपा के लोगों का असली चेहरा सामने आ गया है।

समर्थन में कूदी भाजपा

भाजपा के कई नेता श्री चंद्राकर के पक्ष में खड़े हो गए हैं। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता और प्रदेश महामंत्री सरोज पांडेय ने कहा कि पान ठेलों की तरह विश्वविद्यालय खोलने वाले कांग्रेसी शिक्षा के मर्म को क्या समझेंगे। कांग्रेसी बिना वजह श्री चंद्राकर के बयान को तोड़- मरोड़कर बवाल मचा रहे हैं। कुछ और भाजपा विधायकों ने भी श्री चंद्राकर का समर्थन किया है। भाजपा विधायक देवजी पटेल, चंदूलाल साहू, सेवकराम नेताम, निर्मल सिन्हा और कोमल जंघेल ने कहा कि कांग्रेस को अब नौटंकी नहीं करनी चाहिए।

भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार का काम कांग्रेसियों को दिखाई नहीं दे रहा, और एक बयान का बहाना बनाकर विरोध प्रदर्शन की नौटंकी कर रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: