News
Chhattisgarh
Raipur Raipur भिलाई. बीएसपी के ब्लास्ट फर्नेस-1 क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पौने 9 बजे गैस रिसाव से ठेका मजदूर गिरधारी बिभार (38) की मौत हो गई। विषाक्त गैस की चपेट में आ गए अन्य तीन कर्मियों को सेक्टर-9 अस्पताल में दाखिल किया गया है। हादसे की जांच के लिए बीएसपी मैनेजमेंट ने विभागीय जांच कमेटी का गठन कर दिया है।
हादसे में मृत श्रमिक गिरधारी जोरातराई में रहता था। प्रभावित कर्मियों में से नकुल राम को आईसीसीयू में दाखिल किया गया है। दो अन्य कर्मी इमानुएल मिंज, जगमोहन प्रसाद गवेल वार्ड में हैं। इन कर्मचारियों में से एक बीएसपी और दो एचएससीएल के कर्मचारी हैं। सूत्रों ने बताया कि ब्लास्ट फर्नेस-1 के स्टोव के एक्यूमलेटर वाल्व से बीती रात से गैस (कार्बन डाइ आक्साइड, कार्बन मोनो आक्साइड और नाइट्रोजन) का रिसाव हो रहा था, जिससे एक श्रमिक को हल्की तकलीफ हुई थी। शुक्रवार सुबह विभागीय मीटिंग में गैस रिसाव पर चर्चा हुई, लेकिन किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
सुबह पौने 9 के लगभग एक्यूमलेटर वाल्व में आइलिंग के लिए ठेका मजदूर गिरधारी को तीन अन्य कर्मचारियों के साथ भेजा गया। सूत्रों के मुताबिक गिरधारी के पास गैस मास्क नहीं था। आइलिंग के दौरान श्रमिकों को बेचैनी महसूस होने लगी। काम करते-करते गिरधारी बेसुध होकर गिर पड़ा तो बाकी कर्मचारियों की मामले की गंभीरता का अहसास हुआ। उस समय तक पूरे क्षेत्र में यह रंगहीन और गंधहीन गैस फैल चुकी थी, जिसका स्तर करीब 1000 पीपीएम था। यह मात्रा सामान्य से बहुत ज्यादा होती है। खबर लगते ही अफरा-तफरी फैल गई। चारों प्रभावितों को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। वहां गिरधारी की मौत हो गई।
सुरक्षा पर पूरा ध्यान
प्लांट में बढ़ रही दुर्घटनाओं के संबंध में शुक्रवार को अपनी सालाना प्रेस कान्फरेंस में एमडी आर. रामराजू ने कहा कि सुरक्षा पर हमारा पूरा ध्यान है। उन्होंने कहा कि अभी पूरा प्लांट आपरेशन में हैं और दूसरी तरफ 12 हजार करोड़ रुपए के आधुनिकीकरण व विस्तारीकरण प्रोजेक्ट को भी पूरी गति से संचालित करना है। ऐसी स्थिति में हमारा पूरा ध्यान सुरक्षा की तरफ है।