News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur जगदलपुर. कलेक्टोरेट में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा के अनावरण के बाद सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंसा और आतंक का जवाब गांधी के विचारधारा को अपनाकर ही दिया जा सकता है। बंदूक की गोलियां, बारुदी सुरंग, हिंसा का तांडव, निदरेष लोगों की हत्या और आदिवासी परिवारों को बेघर करने का काम बस्तर के जंगलों में हो रहा है। ऐसे में गांधीजी के चिंतन और विचारधारा को अपनाने की सराहनीय पहल बस्तर के कलेक्टोरेट में की गई है।
उन्होंने कलेक्टर और सारे अधिकारी कर्मचारियों को प्रतिदिन बापू के प्रिय भजन को सुनकर काम आरंभ करने केकदम की सराहना करते साधूवाद दिया। सांसद बलीराम कश्यप और कलेक्टर गणोश शंकर मिश्रा द्वारा कलेक्टोरेट को सेवा सदन बनाने की गई पहल और योगदान की सराहना करते शुभकामनाएं दी। श्री सिंह ने जगदलपुर में एक करोड़ पांच लाख रुपए की लागत से निर्मित नगर निगम जगदलपुर के कार्यालय भवन समेत साढ़े सात करोड़ से ज्यादा रुपए के कार्यो का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
गांधी दर्शन प्रासंगिक : मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टोरेट का कायाकल्प गांधी दर्शन, चिंतन, सोच और सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह को अपनाने से हुआ है। वर्तमान समय में गांधी दर्शन प्रासंगिक है। सामाजिक -वैचारिक परिवर्तन तभी आएगी जब हम गांधीजी के विचारों को आत्मसात करेंगे।
दीन दुखियों की सेवा हो : वनमंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गांधी जी ने राम राज्य की कल्पना की थी। सेवासदन बनाने की पहल तभी सार्थक हो सकेगी जब गरीबों को यहां न्याय मिलेगा। अपनी समस्या लेकर लोग कलेक्टोरेट पहुंचते हैं। यहां से शांति का भाव लेकर लोग लौटेंगे तो मिशन सफल होगा।
सेवा सदन का प्रस्ताव : सांसद बलीराम कश्यप ने कहा कि कलेक्टोरेट को सेवासदन करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को हम देंगे। मुख्यमंत्री सबकुछ कर सकते हैं। केंद्र से सहमति लेकर नाम में परिवर्तन करना उचित होगा।
उद्यान की देखरेख : कलेक्टर गणोश शंकर मिश्रा ने कहा कि परिसर में 6 उद्यान हैं इसके देखरेख के लिए एनएमडीसी ने सहमति दी है। उन्होंने कहा कि 2 माह में 10 बार सांसद कलेक्टोरेट पहुंचे तथा हमारा मनोबल बढ़ाया। गांधीमय वातावरण के लिए आर्थिक मदद दी। उनके संबल से ही यह कार्य संभव हो सका है। एनएमडीसी के नगरनार प्रोजेक्ट अधिकारी आलोक मेहता ने उद्यानों की देखरेख के लिए चार लाख रुपए का चेक सांसद को सौंपा।
संचालन करमजीत कौर तथा आभार अपर कलेक्टर डीआर मंडावी ने माना। इस मौके पर श्रीमती वीणा सिंह, उद्योग मंत्री राजेश मूणत, पीएचई मंत्री केदार कश्यप, संसदीय सचिव डा. सुभाउ कश्यप, पर्यटन मंडल अध्यक्ष संतोष बाफना, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष सुभाष राव, विधायक लच्छूराम कश्यप, बैदूराम कश्यप, महापौर गितेश मल्ल, सभापति योगेंद्र पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी समेत काफी संख्या में भाजपाई और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।