HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

मधुमक्खियां बन गईं काल

अजमेर. रेलवे कैरिज कारखाना में शुक्रवार को मधुमक्खियों के डंक से बचने की कोशिश में कर्मचारी व्हील शॉप की सीढ़ी से टकरा कर अकाल ही काल का ग्रास बन गया।

कारखाना के उप मुख्य यांत्रिक अभियंता अनिरुद्ध उपाध्याय ने बताया कि सुबह करीब सवा नौ बजे कारखाना के 34 इलाका व्हील शॉप में कार्यरत मशीन ऑपरेटर रवि बरगोत्रा पर झाड़ियों से निकले मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए रवि चिल्लाता हुआ तेजी से भागा, भागते हुए वह जाकर व्हील शॉप की सीढ़ी से टकराया। रवि के सिर में लगी चोट के कारण वह बेहोश होकर नीचे गिर गया। उसके सिर, मुंह और कान से खून निकलने लगा और सांस बंद हो गई। वहां मौजूद रेल कर्मचारी रवि को लेकर रेलवे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेल प्रशासन ने जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में रवि का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया। रवि जादूगर हैरती का पुत्र था।

क्रेन से गिरकर हुई मृत्यु !

रेलवे अस्पताल में मौजूद कारखाना कर्मचारियों का कहना था कि रवि की मौत व्हील शॉप की क्रेन की सीढ़ी से गिरने के कारण हुई है। रवि के मशीन ऑपरेटर होने के बावजूद उसे क्रेन चलाने के लिए कहा गया था। क्रेन चलाने के लिए वह सीढ़ी पर चढ़ा इसी दौरान मधुमक्खियों ने उस पर हमला किया। बचने की कोशिश में संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया।

आठ हजार की मदद

वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी सुनील मोहन जौहरी ने बताया कि मृतक के परिवार को अंतिम संस्कार के लिए आठ हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है।

पुत्र की परीक्षा

मृतक कर्मचारी रवि के पुत्र अनुराग की दसवीं बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं। रवि के दोस्तों ने उसे ढांढस बंधाया और दसवीं की परीक्षा देने के लिए तैयार किया। अनुराग ने दोपहर तीन से साढ़े पांच बजे तक परीक्षा दी, उसके बाद शाम साढ़े छह बजे रवि का अंतिम संस्कार किया गया।

हादसे की जांच पूरी

कैरिज कारखाना प्रशासन ने शुक्रवार को कारखाना में हुए हादसे की जांच पूरी कर ली है। जांच रिपोर्ट में घटना को असामयिक करार देते हुए किसी भी कर्मचारी को दोषी नहीं ठहराया गया है। कारखाना के उप मुख्य यांत्रिक अभियन्ता अनिरुद्ध उपाध्याय ने बताया कि जांच कारखाना के उत्पादन अभियन्ता आरएल गज्जा को सौंपी गई थी। उन्होंने मौके पर मौजूद 2 महिला और 6 पुरुष कर्मचारियों के बयान लिए। सभी ने माना है कि रवि मधुमक्खियों से बचने के लिए भाग रहा था। व्हील शॉप की सीढ़ी से टकराने के कारण उसके सिर में चोट लगी और वह नीचे गिर गया। उपाध्याय ने बताया रिपोर्ट मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रकाश भूटानी को सौंप दी गई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: