अजमेर. सर्किट हाउस में दो नंबर का कमरा नहीं मिलने से नाराज सहकारिता मंत्री नाथू सिंह गुर्जर गुरुवार देर रात को भड़क गए। उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई।मामला मंत्री से जुड़ा होने के कारण सर्किट हाउस के अफसर खुलकर सामने नहीं आ रहे। इधर इस मामले में गुर्जर का कहना है कि उन्होंने कमरे में पानी नहीं होने के कारण कर्मचारियों को व्यवस्था सुधारने के लिए डांटा था।
प्रभारी मंत्री गुर्जर गुरुवार रात करीब एक बजे बाद सर्किट हाउस पहुंचे थे। उस समय मौजूद कर्मचारी से गुर्जर ने सर्किट हाउस का कमरा नंबर दो खोलने के लिए कहा। उस कमरे में शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ठहरे हुए थे। इस कारण कर्मचारी ने उन्हें चार नंबर कमरा आवंटित कर दिया।
लिहाजा गुर्जर खफा हो गए, उन्होंने सर्किट हाउस के दो कर्मचारियों नानूसिंह और प्रेमप्रकाश को डांटा। गुर्जर ने मैनेजर घनश्याम दास अगनानी के कमरे के बाहर लगी नेम प्लेट को भी उतार लिया। इस मामले में गुर्जर ने शुक्रवार की सुबह सर्किट हाउस छोड़ने से पहले भी नाराजगी जताई। हालांकि सुबह जाते समय वह नेम प्लेट सर्किट हाउस में ही छोड़ गए।
व्यवस्थाएं ठीक करने के लिए कहा
मैं देर रात को झालावाड़ से अजमेर पहुंचा था। कमरे में पानी नहीं आ रहा था, इसलिए मैंने उनसे कमरों में व्यवस्थाओं का ध्यान रखने को कहा था। मैंने नेम प्लेट नहीं निकाली, मुझे पता ही नहीं नेम प्लेट कहां लगी है।
-नाथू सिंह गुर्जर,प्रभारी मंत्री एवं सहकारिता मंत्री