हैदराबाद. संयुक्त राष्ट्रीय प्रगतिशील गठबंधन (यूएनपीए) ने आवश्यक वस्तुओं की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ वामदलों के 16 अप्रैल से शुरू होने वाले देशव्यापी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का फैसला किया है।
यूएनपीए के संयोजक और टीडीपी अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने माकपा महासचिव प्रकाश करात के साथ फोन पर वार्ता के बाद एक प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि नई दिल्ली में 19 अप्रैल को एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें सभी वस्तुओं की 300 से 400 फीसदी से ज्यादा कीमतें बढ़ने के कारणों तथा इन्हें काबू में करने के उपायों का विश्लेषण किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में कांग्रेसनीत यूपीए सरकार कालाबाजारी रोकने में पूरी तरह विफल रही है जिससे गरीबों का जीवन और मुश्किल होता जा रहा है।