इंदौर. इंदौर विकास प्राधिकरण के संचालक मंडल (बोर्ड) की मंगलवार को हो रही बैठक में 2008-09 के लिए 1,050 करोड़ का बजट रखा जाएगा। इनमें से 650 करोड़ के काम योजना मद और 400 करोड़ के गैर योजना मद मेंहैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया प्राधिकरण को इस वित्त वर्ष में 950 करोड़ की आय होने का अनुमान है। बजट में सड़क निर्माण के लिए 445 करोड़, पुल-पुलियाओं के निर्माण व जीर्णोद्धार के लिए 52 करोड़, भूमिगत ड्रेनेज और वाटर लाइन के लिए 30 करोड़, स्ट्रीट लाइटिंग के लिए 28 करोड़, बगीचों के विकास और पौधारोपण के लिए 26 करोड़ रुपए रखे गए हैं।
जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण मिशन के तहत स्वीकृत बीआरटीएस पायलट कॉरिडोर, सुपर कॉरिडोर, एमआर-9 और शिवाजी प्रतिमा-बायपास लिंक रोड के लिए भी राशि रखी है।
स्कीम-134 व 140 के विकास, केसरबाग रेल ओवरब्रिज, पीपल्यापाला रीजनल पार्क और उसमें प्रस्तावित प्लेनिटोरियम के लिए भी राशि रखी है। राजेंद्रनगर के पास स्कीम-97(4) और स्कीम-140 में प्रस्तावित ऑडिटोरियम के लिए बजट प्रावधान रहेगा। गैरयोजना मद में नगर पर्यावरण सुधार के लिए, एमवाय हॉस्पिटल के विकास, पश्चिमी रिंगरोड का बाकी हिस्सा बनाने के लिए भी बजट रखा है।
इनको मिलेगी बड़ी राशि
>> मास्टर प्लान में प्रस्तावित नई आवासीय स्कीम-168
>> मेडिकल हब
>> ट्रांसपोर्ट हब
>> सुपर कॉरिडोर
>> इसके अलावा सुपर कॉरिडोर में दो फ्लायओवर, एक रेल ओवरब्रिज, एमआर-10 पर मालवीय पंप के पास फ्लायओवर, पूर्वी रिंगरोड पर बंगाली चौराहा और तीन इमली चौराहा पर फ्लायओवर बनाने के लिए भी बजट में राशि रखी है।