HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

ब्लैक कैट रमन के लिए नहीं

रायपुर. ramanगुजरात, उत्तरप्रदेश, जम्मू कश्मीर और कुछ पूवरेत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों को ब्लैक कैट कमांडो की सुरक्षा देने वाली केंद्र सरकार के पास नक्सलवाद से बुरी तरह प्रभावित छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के लिए कमांडो नहीं है। यही वजह है कि अब केंद्र सरकार डा. सिंह के एडिशनल रिंग राउंड के लिए आईटीबीपी (इंडो टाइबेट बार्डर पुलिस) या सीआरपीएफ के ऐसे कमांडो देने की तैयारी में है, जो वीआईपी सिक्योरिटी की ट्रेनिंग ले चुके हैं।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ के आला प्रशासनिक तथा पुलिस अफसरों को इस आशय के संकेत दे दिए हैं। राज्य सरकार ने करीब डेढ़ माह पहले इस आशय का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने रायपुर प्रवास के दौरान 10 दिन पहले संकेत दिए थे कि रमन सिंह की सुरक्षा के लिए वे ब्लैक कैट कमांडो दिलाने की कोशिश करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि केंद्र सरकार ने नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) से कमांडो छत्तीसगढ़ भेजने का आग्रह किया। लौटती डाक से एनएसजी ने सूचित कर दिया कि वीआईपी सिक्योरिटी में प्रशिक्षित जितने कमांडो उनके पास थे, सब केंद्रीय मंत्रियों, अन्य वीवीआईपी तथा कुछ मंत्रियों के पास तैनात कर दिए गए। एनएसजी के पास अभी आपरेशंस के लिए ही कमांडो हैं, लेकिन वे वीआईपी सिक्योरिटी नहीं कर सकते।

एनएसजी से मिली इस सूचना के बाद केंद्र ने छत्तीसगढ़ के लिए ऐसे कमांडो तलाशने शुरू कर दिए, जो ब्लैक कैट तो नहीं हैं लेकिन वीआईपी सुरक्षा में माहिर हैं। डीजीपी विश्व रंजन ने दिल्ली से फोन पर दैनिक भास्कर को बताया कि केंद्र की कुछ खास बटालियनों में ऐसे जवान हैं। इन्हें छत्तीसगढ़ भेजा जा सकता है।

गौरतलब है, राज्य की इंटेलिजेंस विंग ने बड़ी एक्सरसाइज के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा को अधूरी करार दिया था। आईजी इंटेलिजेंस डीएम अवस्थी ने नए सुरक्षा घेरे का ड्राफ्ट बनाया था, जिसमें एनएसजी कमांडो तैनात करने की अनुशंसा की गई थी। इसी के बाद सरकार ने कमांडो यहां बुलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: