HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

गणगौर की कथा, ढोकले का विधान

बीकानेर. गणगौर का विधिविधान से व्रत-अनुष्ठान करने वाली बालिकाएं मंगलवार को गणगौर को खास रूप से बनाए गए ढोकलों का प्रसाद चढ़ाएंगी। आख्यानों में गणगौर और ईसर को पार्वती-शिव माना गया है।

इन्हें लेकर कई लोक-कथाएं भी प्रचलित है। ऐसी ही एक कथा में कहा गया है कि जब पार्वती रूपी गणगौर शिव रूपी ईसर के साथ सुसराल जा रही थी। रास्ते में शिव ने पूछा कि तुमने पीहर में क्या खाया। शिवजी अंतर्यामी थे। उन्हें पता था कि पार्वती के लिए पूरा भोजन नहीं बचा था लेकिन इस बात को वे पार्वती के मुंह से सुनना चाहते थे। पार्वती ने सवाल का जवाब टाल दिया और कहा कि जैसा आपने खाना खाया, वैसा मैंने भी खाया। बात आई-गई हो गई। चलते-चलते दोनों थक गए तो एक पेड़ के नीचे विश्रांति के लिए बैठ गए। पार्वती को नींद आ गई तो शिव ने पेट की ढकणी उठाकर देखा तो पता चला कि पार्वती के पेट में दो ढोकले हैं। यह देखकर शिव दुखी हुए। पार्वती उठी तो बात छिपी नहीं रही। पार्वती ने यहां अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि कोई भी बेटी अपने पीहर की बदनामी नहीं कर सकती। फिर भी आपने यह जानने की कोशिश की तो आज से यह भी तय है कि कोई भी पुरुष स्त्री के पेट की बात को नहीं जान पाएगा। यह कथा अलग-अलग तरीकों से कही जाती है लेकिन सुनने वाले बड़े भाव से सुनते हैं और गणगौर को ढोकले का प्रसाद चढ़ाकर खुद ग्रहण करते हैं।

रेसीपी: ढोकला

बाजरी के आटे को चुटकी भर नमक, अजवाइन के साथ गूंथे। और फिर इनके गोल-गोल ढोकलेनुमा आकृति बनाकर भाप में सीजने के लिए रखें। ढोकलों को रखने के लिए कूकर का भी इस्तेमाल होने लगा है जबकि परंपरागत तरीके से इसे खास तौर की सीक बूर आदि के आधार से भी बनाया जाता है। सीजने के बाद इसे गणगौर के हाथों में रखने का विधान है।

खाने के लिए सीजे हुए ढोकलों का चूरमा बनाया जाता है जिसमें घी-शक्कर डाली जाती है। इसके साथ फोगले के रायते का मेल है। सोमवार को सौ रुपए प्रति किलोग्राम की दर से फोगला बिका जिसे उबाल कर दही में डाला जाता है। बदलते समय में नमकीन ढोकलों का आविष्कार भी हो गया है। यह ढोकले मोगर के आटे को नमक, मिर्च, मीठा सोढ़ा, साबुत धनिया, जीरा आदि के साथ गूंथकर बनाते हैं। बाकी प्रक्रिया सामान्य है। इसे तेल का छौंक लगाकर सर्व किया जाता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: