HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

कुली तैयार, बोर्ड सुस्त

बीकानेर. kullyकुलियों को गैंगमैन बनाने की रेलमंत्री की घोषणा पर भले ही अभी तक अमल शुरू नहीं हुआ हो लेकिन बीकानेर के कुलियों ने अपनी ओर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। नियुक्ति मिलने से उत्साहित कई कुलियों ने आठवीं पास का प्रमाण-पत्र, मूलनिवासी सहित अन्य कागजात जुटा लिए हैं तो कुछ ने ये दस्तावेज जुटाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

कुलियों की तैयारियां भले ही तेज कर दिए हो लेकिन रेलवे बोर्ड ने अभी तक इस संबंध में कोई भी निर्देश जारी नहीं किए। अलबत्ता बीकानेर मंडल में पंजीकृत कुलियों की सूची जरूर मंगवाई है। इस सूची में शामिल कुलियों को ही गैंगमैन बनाया जाएगा। सूत्रों की मानें तो बीकानेर से करीब 90 कुलियों की सूची एक पखवाड़े पहले भेज दी गई है। इस सूची पर रेलवे मंडल निर्णय लेगा।

सूची में शामिल सभी लोगों को नियुक्ति मिलेगी या नहीं इस बात को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इस सूची में कई ऐसे नाम भी शामिल है जिनकी उम्र 50 पार हो चुकी है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मंडल कुलियों की उम्र, उनकी क्वालीफिकेशन आदि देखने के बाद ही निर्णय लेगा। पढ़ाई और अन्य सभी योग्यताएं पूरी करने के बाद भी कुली इस बात को लेकर पसोपेश में है कि कहीं आयु उनकी नियुक्ति में बाधक नहीं बन जाए।

40 नंबर बैज वाले मोहम्मद अली का कहना है कि रेल मंत्री की घोषणा से हमारे भी सपने साकार होने की उम्मीद जगी है। घोषणा को करीब सवा महीने बीतने के बाद भी अभी तक नियुक्ति संबंधी कोई कार्रवाई शुरू नहीं हुई है। अली बताते हैं कि रेलवे बोर्ड नियुक्ति को लेकर उम्र की बाधा न डाल दे इसे लेकर मंडल के सारे कुली पसोपेश की स्थिति में है।

बीकानेर मंडल में 90 कुली हैं बैजधारी

बीकानेर मंडल में पंजीकृत कुलियों की संख्या 90 है। इनमें बीकानेर और लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर 50 कुली है। शेष मंडल के अन्य स्टेशनों पर लगे हुए हैं। स्टेशनों पर कार्यरत कुलियों से मंडल पंजीकरण शुल्क के रूप में प्रतिवर्ष 60 रुपए ले रही है। पंजीकृत कुलियों को ही गैंगमैन के पद पर नियुक्ति दी जाएगी।

उम्रदराज कुलियों को भी मिले मौका

बीकानेर के कुलियों का मानना है कि रेलवे बोर्ड गैंगमैन की नियुक्ति में ऐसे कुलियों को भी मौका दें जो उम्रदराज है। इनका कहना है कि सीनियर सिटीजन की उम्र में पहुंच चुके कुलियों को नियुक्ति देने के बाद भले ही छह माह में सेवानिवृत्त कर दें लेकिन नियुक्ति जरूर दें। बीकानेर रेलवे स्टेशन पर कार्यरत रामू, सरवर, रज्जुद्दीन, अस्त अली आदि ऐसे नाम है जो सीनियर सिटीजन के लिए निर्धारित उम्र के पास पहुंच चुके हैं। कुलियों का कहना है कि उम्रदराज कुलियों को रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली पेंशन से उनके परिवार का गुजारा हो जाएगा। बीकानेर की कुली एसोसिएशन ने ऐसा मांग-पत्र देने का निर्णय लिया है।

इनकम होगी दुगुनी

रेलवे में गैंगमैन की नियुक्ति मिलने के बाद कुलियों की आमदनी दुगुनी हो जाएगी। वर्तमान में कुलियों की पूरे महीने मजदूरी के तौर पर करीब 3000-3500 रुपए मिल रहे हैं। गैंगमैन बनने के बाद उन्हें कम से कम 6000 रुपए मिलेंगे। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर पेंशन योजना का लाभ भी मिलने की उम्मीद है। कुलियों को नियुक्ति के बाद मिलने वाले वेतन को लेकर काफी उत्साह है। बीकानेर स्टेशन पर कार्यरत भंवर अली का कहना है कि ऐसा होने के बाद वे भी अपने सपनों को कुछ हद तक साकार कर सकेंगे।

रेलवे बोर्ड ने पंजीकृत कुलियों के बारे में जो जानकारी मांगी थी वह भिजवा दी गई है। सूची भेजने के बाद बोर्ड की ओर से कोई निर्देश नहीं मिले है। बीकानेर में कितने कुलियों को नियुक्ति दी जाएगी इस पर फैसला बोर्ड लेगा।
- पंकज जैन, डीआरएम, बीकानेर मंडल





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: