News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. छापामार कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर गठित की गई राज्य की नौ विजिलेंस टीमों ने सोमवार को शहर के बड़े होटलों में छापामार अभियान चलाया। इस दौरान चोरी के मामले तो नहीं मिले, लेकिन तीन बड़े होटलों में ओवरलोड के मामले पकड़े गए हैं। विजिलेंस टीम की चौतरफा कार्रवाई ने होटल व्यवसाइयों को परेशानी में डाल दिया था।
शहर के होटल व्यवसाइयों के लिए सोमवार का दिन माथापच्ची वाला साबित हुआ। कारण था विद्युत मंडल की विजिलेंस द्वारा बिजली चोरी की आकस्मिक जांच करना। विद्युत मंडल द्वारा बिजली चोरी पकड़ने के लिए हर जिले में विजिलेंस टीम का गठन किया गया है।
सोमवार को इनमें से राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, अंबिकापुर, बिलासपुर, जांजगीर एवं रायगढ़ सहित नौ जिलों की विजिलेंस टीमों को आकस्मिक जांच के लिए शहर बुलाया गया था।अधिकारियों के अनुसार शहर के मिड टाउन, होटल सागर, महुआ, शारदा, आनंद एवं सूर्या सहित अनेक बड़े होटलों में जांच की गई, लेकिन के दौरान किसी होटल में विद्युत चोरी का मामला नहीं मिला है। इसके विपरीत तीन होटलों में ओवरलोड के मामले पाए गए। ओवरलोड के मामले पकड़ने वाली टीमों ने उच्चधिकारियों को मामले की जांच रिपोर्ट सौंप दी है।
रिपोर्ट के आधार पर अब अगली कार्रवाई की जाएगी। मंडल के अधिकारियों ने बताया बीते कुछ माह में भी मंडल ने यह अभियान चलाया था, लेकिन जांच में अनेक बड़े होटल रह गए थे। यही कारण है कि करीब पांच माह बाद विजिलेंस टीम ने जांच के लिए शेष रह गए होटलों में कार्रवाई की है।
केवल होटलों में ही छापामारी क्यों? >>
विजिलेंस टीम द्वारा बड़े स्तर पर केवल होटलों पर ही छापामार कार्रवाई करने के पीछे विशेष मकसद था। गर्मी आते ही बड़े होटलों में हर साल अनेक एसी, कूलर व पंखे की खपत होती है। ऐसी स्थिति में न केवल होटल में विद्युत का लोड बढ़ता है, बल्कि उससे संबंधित ट्रांसफार्मर भी प्रभावित होता है। ऐसी स्थिति में ट्रांसफार्म जलने का खतरा बना रहता है। मंडल ने इसी खतरे से पूर्व में ही निपटने के लिए छापामार कार्रवाई की।
विखंडन की अधिसूचना जारी होते ही अनिश्चितकालीन हड़ताल: कर्मचारी जनता यूनियन >>
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन ने मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय में शनिवार को आमसभा का आयोजन किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि विद्युत मंडल के विखंडन की अधिसूचना जिस दिन लागू होगी उसी तिथि से संगठन के लोग अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
विद्युत मंडल के विखंडन को लेकर जनता यूनियन ने उपभोक्ताओं के बीच जनजागरण नुक्कड़ सभा एवं विखंडन से होने वाली हानि को पर्चे के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। इस संबंध में शनिवार को तिफरा स्थित मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय में एक आमसभा का आयोजन किया गया।
संगठन के महामंत्री सीके खांडे ने कहा कि विद्युत मंडल के विखंडन के लिए केंद्र सरकार ने 30 अप्रैल तक का समय दिया है। शासन की यह करनी उपभोक्ताओं व मंडल के कर्मचारियों के साथ खिलवाड़ है। छगविमं ने पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ होने का गौरव प्राप्त किया है। ऐसी स्थिति में इसका विखंडन इसके एवं राज्य के विकास में बाधक साबित होगा।