कोटा. गुर्जर आरक्षण आंदोलन में सक्रिय भूमिका के कारण भाजपा से निष्कासित रामगंजमंडी के विधायक प्रहलाद गुंजल की अगुवाई में बहुजन समाज पार्टी का 13 अप्रैल से चुनावी डंका बजेगा। इस दिन बयाना में बसपा की बैठक के साथ प्रदेशव्यापी रथयात्रा शुरू होगी।
पार्टी राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मंत्री धर्मवीर सिंह अशोक ने सोमवार को पंजाब सभा भवन में यह जानकारी दी। वाल्मिीकी समाज के राजनीतिक चेतना सम्मेलन में आए अशोक ने आगामी विधानसभा चुनाव में राजस्थान में बसपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि पार्टी सभी 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि गुंजल के नेतृत्व में बयाना (भरतपुर) से रथयात्रा शुरू होकर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। इस दौरान आमसभाएं के माध्यम से जनता को भाजपा व कांग्रेस की जनविरोधी, दलित विरोधी नीतियों से अवगत कराकर राजनीतिक चेतना जाग्रत की जाएगी।
नब्बे फीसदी गुर्जर बसपा के साथ
धर्मवीर अशोक ने दावा किया कि 90 फीसदी गुर्जर बसपा के साथ हैं। भाजपा और कांग्रेस से गुर्जरों का मोहभंग हो चुका है। अन्य सभी वर्र्गो को लामबद्ध करने के लिए बसपा की व्यापक तैयारी है। भरतपुर और गंगानगर में बसपा का जनाधार बढ़ा है तथा कोटा संभाग में भी कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बसपा तीसरे विकल्प के रूप में उभर रही है। अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में बसपा की सरकार बनेगी।
‘रानी’ का दर्प चूर होगा : गुंजल
विधायक प्रहलाद गुंजल ने 13 अप्रैल से प्रस्तावित रथयात्रा के नेतृत्व की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने अभी विधिवत रूप से बसपा की सदस्यता नहीं ली है, लेकिन पूरी तरह बसपा के साथ हैं। अगले चुनाव में ‘रानी’ का अभिमान टूटकर रहेगा। राज्य की 200 सीटों में से 146 पर गुर्जर वोटों के समीकरण हार-जीत को प्रभावित करते हैं। जबकि 93 विधानसभा क्षेत्रों में तो 15 से 20 हजार और 70 हजार तक गुर्जर वोट हैं।