अजमेर. इनकम टैक्स महकमे का अजमेर रेंज दफ्तर इंट्रानेट से नहीं जुड़ने से ई-फायलिंग से रिटर्न दाखिल करने वालों का रिफंड भुगतान अटक गया है। वित्तीय वर्ष 2006-07 में अजमेर दफ्तर को इंट्रानेट सिस्टम से जोड़ने का निर्णय किया गया था। अजमेर दफ्तर में सिस्टम के कंप्यूटर लगा दिए गए हैं, लेकिन एक वर्ष से अधिक समय से सिस्टम को दिल्ली स्थित कंट्रोल से नहीं जोड़ा गया है।
अजमेर रेंज में बहुत से करदाताओं ने वित्तीय वर्ष 2006-07 में ई-फायलिंग से रिटर्न दाखिल किया था, अजमेर में ई-फायलिंग की सूचना नहीं मिलने के कारण महकमा रिफंड जारी नहीं कर सका है। 500 से अधिक करदाताओं को रिफंड नहीं मिला है। महकमे के अफसरों का कहना है कि उदयपुर से सूचना आने पर रिफंड का भुगतान किया जाएगा।
टारगेट पूरा करने के लिए?
इनकम टैक्स महकमे ने वित्तीय वर्ष 2006-07 में बड़ी फर्मो का रिफंड भुगतान नहीं कर वित्तीय वर्ष 2007-08 में राजस्व वसूली लक्ष्य पूरा किया। महकमे को 2006-07 में श्री सीमेंट ब्यावर ने सौ करोड़ रुपये एडवांस टैक्स का भुगतान किया था, वित्तीय वर्ष में कंपनी पर 55 करोड़ रुपये इनकम टैक्स बना, उसके बाद 45 करोड़ का रिफंड भुगतान कंपनी को किया जाना था।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि श्री सीमेंट का रिफंड भुगतान करने की स्थिति में महकमा 2007-08 में राजस्व वसूली लक्ष्य 210 करोड़ रुपये अर्जित नहीं कर सकता था। इस लिए फर्म को रिफंड का भुगतान नहीं किया गया।ई-फायलिंग वाले कुछ रिफंड का भुगतान नहीं हुआ है। उदयपुर से सूचना मिलने पर भुगतान कर दिया जाएगा। इस वर्ष अजमेर इंट्रानेट से जुड़ जाएगा।
-प्रभु दयाल मीणा,आयकर आयुक्त