अजमेर. संभाग के मकराना मार्बल खनन क्षेत्र के भोंट रेंज की खान पर सोमवार सुबह दो पक्षों में खान पर हिस्सेदारी को लेकर तनातनी हो गई। थोड़ी ही देर में मामले ने उग्र रूप ले लिया एवं दोनों पक्षों के लोगों ने मारपीट करते हुए आपस में पत्थरों की बौछार कर दी। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए जिन्हें राजकीय चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया।
भोंट रेंज की खान संख्या १७१-१ मैसर्स कलामुद्दीन एण्ड ब्रदर्स नामक फर्म के पास है। जिस पर कलामुद्दीन स्वयं का ही अधिकार बता रहा है। सोमवार सुबह लगभग ११:३क् बजे कलामुद्दीन व सिकंदर अली सहित अन्य लोग खान पर खनन कर रहे थे। इसी दरमियान खान पर हिस्सेदारी को लेकर मोहम्मद सलीम पुत्र कालू सिसोदिया, अब्दुल रहमान वगैरह अपने घर की औरतों के साथ आ धमके। पहले दोनों पक्षों में जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई जो गाली-गलौच में बदल गई।
इसी दौरान दोनों पक्ष आक्रोशित हो गए तथा विवाद मारपीट में बदल गया। आपस में हुई पत्थरों की बौछार में कलामुद्दीन के परिवार के सिकंदर अली, जीतू पुत्र हाजी मोहम्मद सिसोदिया, फिरोज, इमरान व नदीम पुत्र सिकंदर अली एवं दूसरे पक्ष के मोहम्मद सलीम पुत्र कालू सिसोदिया, अब्दुल रहमान पुत्र बिलालुद्दीन, रसीदन पत्नी अब्दुल रहमान, जायदा पत्नी मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद यूसुफ पुत्र अब्दुल रहमान, मोहम्मद यूसुफ पुत्र गुलाम मोहम्मद घायल हो गए। इनमें से अब्दुल रहमान के सिर में गंभीर चोटें आईं। जबकि अन्य घायलों में से भी अनेक खून से लथपथ हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर सहायक सब इंस्पेक्टर सरवर खां मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों के घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया।
मुकदमे दर्ज
विवाद में दोनों पक्षों ने मकराना पुलिस थाना में नामजद मुकदमे दर्ज करवाए हैं। कलामुद्दीन पुत्र हाजी मोहम्मद सिसोदिया ने कालू पुत्र बिलालुद्दीन सिसोदिया सहित पन्द्रह बीस जनों पर उसकी खान में अनाधिकृत प्रवेश कर मारपीट करने व पत्थर व लाठियों से पीटकर घायल कर देने का आरोप लगाया है। दूसरे पक्ष की ओर से कालू पुत्र बिलालुद्दीन सिसोदिया ने कलामुद्दीन पुत्र हाजी मोहम्मद सहित बीस जनों के विरूद्घ मारपीट व खान से पत्थर ले जाने की कोशिशका आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया।